बिहार विधाननसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने लोकजनशक्ति पार्टी (एलजेपी) को कड़ा संदेश दिया है। बीजेपी ने चिराग पासवान और एलजेपी को साफ संदेश दिया है कि वह बिहार चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का नाम लेकर वोट नहीं मांग सकते हैं। बीजेपी सूत्रों का कहना है कि एलजेपी से साफ तौर से कहा गया है कि वह बिहार चुनाव में किसी भी किस्म से बीजेपी का नाम नहीं लेंगे। क्योंकि बिहार में दोनों पार्टियां अलग-अलग दमखम दिखा रही हैं।
एलजेपी से कहा गया है कि उनकी पार्टी के किसी बैनर, पोस्टर या भाषण में पीएम मोदी और बीजेपी का नाम नहीं लिया जाना चाहिए। जब कोई पार्टी एनडीए से अलग हो गई है तो उसे किसी भी किस्म से पीएम मोदी के नाम को यूज करने की इजाजत नहीं दी जा सकती है।
हाल ही में एलजेपी प्रमुख चिराग पासवान ने कहा था कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को अपना नेता मानते हैं, इसलिए वह उनके नाम पर वोट मांगेंगे। इस घोषणा के बाद चिराग पासवान ने ट्विटर पर एक तस्वीर शेयर की थी, जिसमें वह पीएम मोदी के साथ दिख रहे हैं।
चिराग के इस बयान के बाद जेडीयू ने बीजेपी से स्थिति साफ करने को कहा है। इसके बाद बीजेपी ने साफ कर दिया है कि एलजेपी के साथ बिहार में उनका किसी किस्म का गठबंधन नहीं है।






