लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान (Chirag Paswan) एक बार फिर सीएम नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) निशाने पर लेते हुए कहा कि जेडीयू सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की योजनाओं के नाम पर वोट मांग रही है. चिराग ने कहा कि जेडीयू के नेता आते हैं और सिर्फ़ केंद्र सरकार की योजना गिनवा कर चले जाते हैं. सीएम नीतीश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नाम पर और महागठबंधन का डर दिखा कर चुनाव जीतना चाहते हैं. जेडीयू ने प्रदेश को बर्बाद किया है. चुनाव बाद भाजपा और लोजपा की गठबंधन वाली सरकार बनेगी. जाहिर है चिराग के तेवर तल्ख हैं तो जदयू ने भी जबरदस्त प्रहार करना शुरू कर दिया है. चिराग पासवान के बयान पर JDU नेता अजय आलोक (Ajay Alok) ने कहा है कि तेजस्वी यादव (Tejaswi Yadav) की पूंछ पकड़ के मोदी जी का हनुमान बन रहे हैं.

जदयू नेता ने अपने ट्वीट में लिखा, हमने क्या किया ये देश के साथ विश्व ने भी देखा, लेकिन अंधों को नहीं दिखेगा, आप कह रहे हैं महागठबंधन का डर ? तेजस्वी की पूंछ पकड़ के मोदी जी का हनुमान बन रहे हैं. 10 नवंबर के बाद नज़र आएंगे आप ? परिवारिक युवराज का अंत इस चुनाव में तय होगा.

बता दें कि चिराग पासवान ने अपने ट्वीट में लिखा था कि आदरणीय नीतीश कुमार जी आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नाम पर और महागठबंधन का डर दिखा कर चुनाव जीतना चाहते हैं. खुद 5 साल क्या किया है, यह राज़ किसी को नहीं पता. जेडीयू के नेता आते हैं और सिर्फ़ केंद्र सरकार की योजना गिनवा कर चले जाते हैं. जेडीयू ने प्रदेश को बर्बाद किया है.

चिराग ने मीडिया से बात करते हुए यह भी दुहराया कि प्रदेश में लोजपा-भाजपा की सरकार बनेगी और मौजूदा मुख्यमंत्री दोबारा सीएम नहीं बनेंगे. नीतीश कुमार के सीमांचल प्रवास पर उन्होंने कहा कि वो परेशान हैं और दो चरणों मे जैसी स्थिति हुई है, उससे बचने के लिए कुछ तो करेंगे.

वहीं, अब चिराग पासवान के ट्वीट का RJD ने समर्थन किया है. RJD सांसद मनोज झा ने कहा कि JDU के लोग PM की तस्वीर नहीं लगाते थे,  लेकिन जैसे-जैसे इनको हार नजर आने लगी PM की तस्वीर लगाने लगे. वैसे बिहार की जनता चरणवद्ध तरीके से निर्णय नहीं लेती, एक बार ही निर्णय लेती है, जो जनता ने ले लिया है. दस नवंबर को एक अन्ने मार्ग में चेहरा बदलेगा.

Source : News18

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD