नए साल में क्लब रोड स्थित जुब्बा सहनी पार्क एवं नगर निगम आडिटोरियम का जीर्णोद्धार किया जाएगा। फिलहाल नववर्ष पर पिकनिक मनाने वालों के लिए पार्क को सजाया जाएगा।

पार्क एवं ऑडिटोरियम की जीर्णोद्धार का प्रस्ताव तैयार कर सरकार को दिया जाएगा ताकि सरकार से राशि प्राप्त हो सके। उक्त बातें महापौर सुरेश कुमार ने नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय के साथ दोनों स्थानों का निरीक्षण करने के दौरान कहीं। पार्क के निरीक्षण के दौरान वहां निर्मित विज्ञान भवन को चालू करने की बात कही। साथ ही पार्क के विस्तारित भाग को उपयोग में लाने के लिए संबंधित विभाग से बातचीत करने का जिम्मा सिटी मैनेजर को दिया। लाखों रुपये खर्च पार्क के अंदर बना मिनी पार्क निर्माण के बाद बंद पड़ा है। बताया गया है कि अब तक यह भाग निगम को हैंडओवर नहीं हुआ है। नगर आयुक्त ने इस संबंध में आवश्यक कदम उठाने की बात कही। उसके बाद उन्होंने आडिटोरियम का निरीक्षण किया। हॉल की हालत देख नाराजगी जताई।

- महापौर ने नगर आयुक्त के साथ किया पार्क एवं ऑडिटोरियम का निरीक्षण
- दोनों के विकास को प्रस्ताव भेजकर मांगी जाएगी सरकार से राशि
सशक्त स्थायी समिति पारित कर चुकी है प्रस्ताव
मेयर ने कहा कि सशक्त स्थायी समिति की बैठक में ऑडिटोरियम के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव पारित किया जा चुका है। आगे इसके काम की जिम्मेदारी नगर आयुक्त को दी गई है। महापौर ने आॅिडटोरियम के बाहर बने प्याऊ की मरम्मत कर फिर से चालू कराने का निर्देश दिया। निगम की जमीन में बनी दुकानों को देखा और वहां पड़े राबिश को हटाने की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद हरिओम कुमार, सिटी मैनेजर ओम प्रकाश आदि थे।
Source : Dainik Jagran



