बिहार में कोरोना संक्रमण तेजी से फैलने लगा है. कोरोना के बढ़ते आकड़े को लेकर लोगों में काफी डर हो गया है. दरअसल, आंकड़ों में अचानक आई वृद्धि के पीछे होली के दौरान बाहर से घर आने वाले संक्रमित अप्रवासियों की अधिक संख्या है. ऐसे लोगों की जांच रिपोर्ट लगातार पॉजिटिव मिल रही है. राज्य के 30 जिलों में 259 नये कोरोना संक्रमितों की पहचान बुधवार को हुई, जबकि 113 संक्रमित मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हो गए और दो संक्रमितों की इलाज के दौरान मौत हो गयी. 259 नए कोरोना मरीजों के मिलने से हड़कंप मचा हुआ है. राज्य में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 1579 हो गयी. राज्य में एक दिन में 50,515 सैंपल की कोरोना जांच की गयी. वहीं, राज्य में एक दिन पूर्व 30 मार्च को राज्य में मात्र 74 नये संक्रमितों की पहचान हुई थी। राज्य में कोरोना संक्रमितों के स्वस्थ होने की दर अभी 98.81 फीसदी है.

पटना में सबसे अधिक संक्रमित
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पटना में सर्वाधिक 81 नये कोरोना संक्रमितों की पहचान की गयी. इसके अतिरिक्त बक्सर में 11, गया में 12, जहानाबाद में 16, मुजफ्फपुर में 19, सारण में 12 और पश्चिमी चंपारण में 20 नये कोरोना संक्रमितों की पहचान की गयी.
2,62,371 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं
विभाग के अनुसार राज्य में अबतक 2,65,527 व्यक्ति कोरोना संक्रमित हो चुके हैं, जबकि इनमें 2,62,371 संक्रमित मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में कोरोना संक्रमित 1576 मरीजों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।
Input: Live Cities









