दरभंगा एयरपोर्ट के नामकरण को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केंद्र सरकार को लेटर लिखा है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री हरदीप सिंह पुरी को संबोधित लेटर में दरभंगा एयरपोर्ट का नाम कवि विद्यापति के नाम पर रखने की अपील की गई है। लेटर लिखने के साथ ही मुख्यमंत्री ने उनसे टेलीफोन पर बात भी की है।

लेटर में रखे हैं 5 पॉइंट

CM नीतीश ने हरदीप सिंह पुरी को याद दिलाया कि जब 24 दिसंबर 2018 को इस एयरपोर्ट का शिलान्यास हो रहा था, उस समय तत्कालीन केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री सुरेश प्रभु मौजूद थे। उसी समय विद्यापति के नाम पर इस एयरपोर्ट का नाम रखने का प्रस्ताव दिया गया था और उन्होंने अपनी सहमति भी दी थी। मुख्यमंत्री ने कहा, कवि विद्यापति के नाम पर एयरपोर्ट होने से मिथिलावासियों के साथ-साथ मेरी भी भावना प्रकट होगी।

उड़ानों की संख्या बढ़ाने की जरूरत

दूसरे पॉइंट में CM ने हवाई यात्रियों की बढ़ती मांग के मद्देनजर दरभंगा एयरपोर्ट से उड़ानों की संख्या बढ़ाने और अन्य विमानन कंपनियों की सेवाओं को जोड़ने की जरूरत बताई है। CM ने यात्रियों की सुविधाओं के मद्देनजर स्थाई टर्मिनल भवन के निर्माण के लिए एयरफोर्स के चिन्हित जमीन को दरभंगा एयरपोर्ट को अविलंब हस्तांतरित करने के लिए केंद्र सरकार के स्तर से कार्रवाई की अपेक्षा की है। राज्य सरकार द्वारा एयरपोर्ट के लिए जरूरी 31 एकड़ जमीन के अधिग्रहण की धनराशि आवंटित कर दी गई है।

सुरक्षा की चिंता

CM ने अपनी चिट्ठी में आगे लिखा है कि दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रूप में विकसित किए जाने की आवश्यकता है। इसके लिए एयरपोर्ट के विस्तार के साथ-साथ यहां रात्रि में भी विमानों के आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने की जरूरत है। जाड़े के मौसम में धुंध से कम दृश्यता की समस्या के निदान के लिए आवश्यक उपकरण लगाने की जरूरत है। दरभंगा एयरपोर्ट की चारदीवारी की ऊंचाई काफी कम है। इससे परिसर के बाहर से भी रनवे और टर्मिनल बिल्डिंग को आसानी से देखा जा सकता है। यह सुरक्षा की दृष्टि से उचित नहीं है। चारदीवारी को वांछित ऊंचाई तक बढ़ाने के लिए प्रक्रिया अविलंब शुरू करने की अपील की है।

लेटर के बाद मुख्यमंत्री ने राज्यमंत्री हरदीप सिंह पुरी से बात भी की है। मिली जानकारी के अनुसार केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया है कि इस संबंध में जल्द से जल्द कार्रवाई हो जाएगी।

Input: Dainik Bhaskar

rama-hardware-muzaffarpur

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD