-सोनबरसा (सीतामढ़ी): प्रखंड क्षेत्र के भुतही में रविवार को चुनावी सभा को संबोधित करने आए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय का हेलीकॉप्टर लैंड करने के दौरान दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गया। जमीन पर उतरते ही हेलाकॉप्टर का पहिया धंसने लगा। संतुलन बिगड़ते देख पायलट हेलीकॉप्टर को फिर ऊपर की तरफ ले गया। उसके उड़ते ही पंखे की हवा से लैं¨डग स्थल से डेढ़ सौ गज की दूरी पर स्थित एक झोपड़ीनुमा घर का छप्पर उड़ गया। यह घर जगेश्वर पंडित के पुत्र धनिपथ पंडित का था। उसने बताया कि कई और लोगों के घरों को भी नुकसान पहुंचा है।

स्वास्थ्य मंत्री को बथनाहा विस क्षेत्र में एनडीए प्रत्याशी अनिल राम के समर्थन में जनसभा को संबोधित करना था। लेकिन,उन्हें लौटना पड़ा। उधर, प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी (सीओ) अशोक कुमार ने बताया कि हेलीपैड का निर्माण जनसभा के आयोजकों ने कराया था। प्रशासन की ओर से विभागीय कार्यपालक अंभियता ने स्थल पर पहुंचकर हेलीपैड निर्माण के लिए दिशा-निर्देश दिया था। वहीं, सोनबरसा थानाध्यक्ष गौरीशंकर बैठा ने बताया कि एक दिन पूर्व अनापत्ति प्रमाणपत्र दिया गया था। जिस विद्यालय परिसर में हेलीकॉप्टर को उतरना था, वहां तीन हिस्से में पानी है। परिसर में घास भी उगी है। इसकी जानकारी वरीय अधिकारी को दी जा चुकी थी। इसी स्थल पर तीन नवंबर को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की सभा होनी है। इसकी भी रिपोर्ट वरीय अधिकारी को दे दी गई है।

गरीबों के विकास के लिए काम कर रही सरकार : मंगल

गौड़ाबौराम ( दरभंगा), सस : स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि मतदाताओं को तय करना है कि उन्हें इंजीनियरिंग पास मुख्यमंत्री चाहिए या नौवीं पास। वे रविवार को पटनिया में सभा को संबोधित कर रहे थे। कहा कि आपका एक वोट बिहार का विकास करनेवाली नीतीश कुमार की सरकार बनाएगी। जो गरीबों के जीवन स्तर को उठाने के लिए कार्य कर रही है।

Source : Dainik Jagran

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD