नये साल के स्वागत में पटना के होटलों में जमकर धमाल हुआ। कोरोना काल में शर्तों के साथ गीत-संगीत की शानदार महफिल सजी। जहां भोजपुरी अभिनेत्री पूनम दूबे, अनारा गुप्ता और इंडियन आइडल फाइनल में पहुंचने वाली गायिका रितिका राज के साथ लोगों ने नए साल का स्वागत किया। रेस्तरां में लजीज व्यंजनों का लुत्फ भी उठाया। राजधानी के तमाम बड़े होटलों और रेस्टोरेंटों में नए साल के स्वागत की पार्टी में लोगों ने वर्ष 2020 को विदा किया और नए साल 2021 का स्वागत किया।

मस्ती का तड़का
होटल गार्गी ग्रैंड में मस्ती और मनोरंजन का खूब तड़का लगा। होटल के चार फ्लोर पर अलग-अलग तरह से मनोरंजन का आयोजन किया गया था। महफिल में भोजपुरी अभिनेत्री और ‘जो जीता वहीं सिकंदर’ फिल्म में काम कर चुकी पूनम दूबे, भोजपुरी अभिनेत्री, मॉडल और मिस जम्मू रह चुकी ‘अनारा गुप्ता’ और भोजपुरी अभिनेत्री शुभि शर्मा के साथ कोलकाता के डांस ग्रुप के कलाकारों ने हिंदी व भोजपुरी गीतों पर डांस कर लोगों का दिल जीत लिया। पूनम दूबे ने ‘ओए-ओए’ गीत पर जब डांस करना शुरु कर दिया तो होटल में मौजूद हर शख्स थिरकने लगा। इसी तरह अनारा गुप्ता और शुभि शर्मा के गीतों पर दर्शकों में जोश और उत्साह भर गया। वहीं मुजरा में कोलकाता की नेहा और पल्लवी ने खूब समां बांधा। दूसरे तल पर डीजे की धुन पर पटनावासियों ने नए साल का स्वागत किया।

गीत और गजल से जीता दिल 
होटल पनाश में गीत और गजल की महफिल सजीं थी। होटल के टॉप फ्लोर पर इंडियन आइडल फेम पटना की रितिका राज के गानों पर लोग झूम रहे थे। ‘तेरे लिए आई मैं तेरे संग जाना’, और ‘सांसों में तेरी नजदीकियों का इत्र तू घोल दें’ जैसे गीतों पर उन्होंने अपने साथ पूरे हॉल को थिरकने पर मजबूर कर दिया। वहीं होटल के पहले तल पर अनिल अकेला के गजलों का जादू पटनावासियों के सिर चढ़कर बोल रहा था। उन्होंने ‘होश वालों को खबर क्या’,‘तुमको देखा तो यह ख्याल आया’ और ‘कुछ शेर फख्त उनको सुनाने के लिए हैं’ जैसे गजल गाकर श्रोताओं की दाद बटोरी। होटल में गीत-संगीत के साथ लजीज व्यंजन का दौर चलता रहा।

होटल मौर्या में ब्लू ऐंजल बैंड
होटल मौर्या के स्पाइस कोर्ट और बोधि हॉल में ब्लू ऐंजल बैंड, संजय चैताली ग्रुप ने लोगों का मनोरंजन किया। कोलकाता से पटना पहुंची इंद्राणी ग्रुप के कलाकारों ने बढ़िया प्रदर्शन किया। शताब्दी हेमा गुप्ता ने ‘यह समां, समां है यह प्यार का’ गीत बड़े ही सुरीले अंदाज में गाया। कैंडल लाइट डिनर का आनंद लेते हुए श्रोताओं ने डांस गु्रप द्वारा प्रदर्शित ‘ऐसा जादू डाला रे..’ जैसे गीतों पर खूब परफॉर्म किया।

सेल्फी का क्रेज बरकरार
होटलों और रेस्टोरेंटों में नए साल के स्वागत में 2021 लिखा हुआ सेल्फी जोन बनाया गया था। होटल मौर्या से लेकर होटल पनाश तक में बने जोन में लोगों ने जमकर सेल्फी खींचा। होटल मौर्या में गोला रोड से पहुंची सोनिका अपने परिवार के साथ सेल्फी लेती नजर आयीं।

अलकाजर्स में ललित बैंड :
कंकड़बाग ओल्ड बाइपास पर मौजूद अलकाजर्स इन में कोलकाता के ललित बैंड की धुन पर लोगों ने नए साल का स्वागत किया। रात बारह बजते ही होटल में केक काटकर लोगों ने सेलिब्रेट किया। होटल संचालक ने कहा कि कोरोना का देखते हुए होटल की कैपिसिटी ढाई सौ होने के बावजूद सौ सीट पर ही लोगों को आमंत्रित किया गया है। राजाबाजार स्थित होटल एमल्फी ग्रैंड में मौजूद लोगों ने डीजे की धुन पर जमकर ठुमके लगाए। होटल एवीआर में और बाकरगंज स्थित होटल रिपब्लिक में भी लोगों ने नाच-गाने के साथ नए साल का स्वागत किया।

रेस्टोरेंटों में लजीज व्यंजन
शहर के लगभग सभी बड़े-छोटे रेस्टोरेंट नए साल के स्वागत में देर रात तक खुले रहे। नए साल के स्वागत में रेस्टोरेंटों ने लजीज व्यंजन लोगों के सामने परोसा। होटल पाल के संचालक अजय झा ने कहा कि नए साल में लोगों ने वेज और नॉन-वेज दोनों तरह के व्यंजनों का लुत्फ उठाया।

नए साल के स्वागत के लिए आयोजित कार्यक्रमों में शाम ढलते ही लोग शामिल होने लगे। शाम आठ बजे के बाद ही शहर के कई होटलों में कार्यक्रम परवान पर चढ़ने लगा। जश्न में डूबे पटनावासी रात बारह बजते ही जोश से भर गए। होटल से लेकर सड़क तक और कॉलोनियों में

टीवी से चिपके रहे लोग
नए साल के स्वागत में कई टीवी चैनलों पर रंगारंग कार्यक्रम का प्रसारण हुआ। नए साल के स्वागत में लोग देर रात तक जगे रहे और टीवी से चिपके रहे। अलग-अलग चैनलों पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रमों का लुत्फ उठाते रहे। कई घरों में सर्दी के गलन को रोकने के लिए लोग अलाव जलाकर तापते नजर आए। रात बारह बजे के पहले ही नए साल के स्वागत का काउंटडाउन चैनलों पर शुरु हो गया। रात बारह बजते ही पटनावासियों ने नए साल का स्वागत किया।

Input: Live Hindustan

rama-hardware-muzaffarpur

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD