बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महत्वकांक्षी नलजल योजना में धांधली के अबतक कई मामले सामने आ चुके हैं। एक बार फिर गोपालगंज के बरौली के देवापुर पंचायत के वार्ड नंबर 6 में योजना की हकीकत सामने आई है। यहां निर्माण के बाद जैसी ही शनिवार को पानी की सप्लाई शुरू की गई टंकी तेज धमाके के साथ टूटकर जमीन पर गिर गई। ये टंकी दस-दस हजार लीटर की थी। सोशल मीडिया पर टूटी हुई टंकी का वीडियो वायरल हो रहा है।

वार्ड सदस्या सोनी देवी ने बीडीओ को इसकी सूचना दी है। उन्होंने बताया कि वार्ड में नलजल योजना का कार्य चल रहा है। शनिवार को मोटर से टंकी में पानी की आपूर्ति करने वाला पाइप जोड़ दिया गया था। लेकिन, टंकी से रिटर्निंग पाइप शाम हो जाने के कारण नहीं लग पाया था। रात में असामाजिक तत्वों द्वारा मोटर चला कर छोड़ दी गई। जिससे टंकी पानी भर जाने से फट गई।

बीडीओ विनोद कुमार ने बताया कि देवापुर पंचायत के वार्ड संख्या 6 में नलजल योजना के तहत निर्माण कार्य चल रहा है। पानी टंकी के ध्वस्त होने के मामले की जांच की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों के अनुसार, मामला करीब साढ़े 9 बजे का है। जब यहां टावर पर रखी दो टंकी तेज धमाके के साथ जमीन पर गिर गईं। इससे आसपास स्थित मकानों में भी दरारें आ गई हैं। वार्ड नंबर 6 में मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत नलजल का कार्य कराया जा रहा है। यह कार्य तेरह लाख रुपये की लागत से करवाया जा रहा है।

ग्रामीणों ने इस घटना के लिए घटिया सामग्री और घटिया निर्माण को जिम्मेदार ठहराया है। एक ग्रामीण ने बताया कि उनके घर में दो दिन पहले ही नलजल योजना के अंतर्गत नल लगाया गया था लेकिन रात को तेज धमाके के साथ अचानक टंकी गिर गई। टंकी के पास रहने वाले ग्रामीणों का कहना है कि टंकी गिरने से उनके घर की दीवार में दरार आ गई है। एक अन्य ग्रामीण ने इसके लिए निर्माण में धांधली को जिम्मेदार बताया है।

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD