कंकड़बाग थाना क्षेत्र के शालीमार के समीप पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम मशीन को गैस कटर से काट रहे पांच अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कंकड़बाग थाने की पुलिस को इसकी सूचना मुंबई स्थित कंट्रोल रूम तब मिली, जब वहां अलार्म बजा। पकड़े गए बदमाशों की पहचान बांका निवासी शुभम कुमार, अररिया निवासी कुंदन कुमार और अखिलेश, आरा निवासी अभिषेक कुमार और चंदन पासवान के रूप में हुई है।

नहीं मालूम था कि एटीएम में लगा है अलार्म

पुलिस की मानें तो एक अन्य अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि एटीएम मशीन को काटने का तरीका यू-ट्यूब से सीखे थे। वारदात शनिवार की रात तीन बजकर 10 मिनट की है। अपराधी बोरे में गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर और अन्य सामानों को लेकर एटीएम मशीन के पास गए। इस बात से बेखबर थे कि एटीएम मशीनों के अंदर एक यंत्र लगा था, जिससे मुंबई स्थित हेड ऑफिस में उसकी निगरानी भी की जाती है। अपराधी गैस कटर से एटीएम को काटना शुरू कर दिए। तभी एटीएम से छेड़छाड़ होने पर मुंबई कंट्रोल रूम में अलार्म बज गया। वहां तैनात कर्मी इसकी सूचना कंकड़बाग थाने की पुलिस को दे दी।

फोर्स के साथ एटीएम के बाहर पहुंच गए थानेदार

सूचना मिलते ही थानेदार फोर्स के साथ एटीएम के बाहर पहुंच गए और घेराबंदी की। पुलिस को देख अपराधी भागने का प्रयास किए, तब पुलिस को पिस्टल तानना पड़ा। तब पांच अपराधी पकड़े गए, एक फरार हो गया। इनके पास से एक देसी कट्टा, सिलेंडर और एक गैस कटर बरामद किया गया है। पूछताछ में पता चला कि सभी आरोपित चिरैयाटांड़ पुल इलाके में किराए का मकान लेकर रहते थे। पुलिस की सक्रियता 25 लाख रुपये चोरी होने से बच गए। गिरोह पूर्व में जक्कनपुर, राजीव नगर स्थित कई अन्य एटीएम मशीन को काटने का प्रयास कर चुके हैं। अपराधी सॢजकल ग्लब्स और मास्क पहनकर घटना को अंजाम दे रहे थे।

Input: Dainik Jagran

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD