पटना सहित बिहार के 20 जिलों में आज यानी शनिवार और कल यानी रविवार को गरज के साथ बारिश की स्थिति बन सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। कुछ जिलों में 30 से 40 किमी की रफ्तार से आंधी की स्थिति बनने के आसार है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि बारिश की तीव्रता बहुत अधिक नहीं होगी।

प्री-मानसून सीजन में थंडरस्टॉर्म की स्थिति बनना सामान्य प्रक्रिया है। बारिश के बाद सूबे के शहरों के तापमान में एक से दो डिग्री गिरावट के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पूर्वी बंग्लादेश की ओर से चक्रवाती परिसंचरण की स्थिति बनी हुई है। हालांकि मध्य प्रदेश की ओर से बने मौसमी सिस्टम की वजह से सूबे में आंधी पानी की यह स्थिति बनने की बात कही जा रही है।

इन जिलों के लिए जारी हुआ है येलो अलर्ट
पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय, नवादा, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, जहानाबाद अरवल, किशनगंज, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, अररिया और पूर्णिया जिलों में गरज तड़क के साथ बारिश की स्थिति बन सकती है। इन जिलों में एक दो जगहों पर शनिवार सुबह से लेकर दोपहर बाद तक आंधी पानी के आसार है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सचेत किया गया है।

पारे में आंशिक गिरावट

शुक्रवार को सूबे के कुछ शहरों के अधिकतम तापमान में आंशिक गिरावट दर्ज की गई। पटना का पारा भी डेढ़ डिग्री नीचे आया। भागलपुर में गर्मी की स्थिति बनी हुई है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री दर्ज किया गया। पूर्णिया में अधिकतम पारा सामान्य के आसपास रहा।

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD