कोरोना वायरस टीकाकरण के दूसरे चरण की शुरुआत के दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली स्थित एम्स में वैक्सीन का पहला टीका लगवाया. इसके बाद वैक्सीन लगवाते हुए मीडिया में आई प्रधानमंत्री की फोटो पर राजनीतिक हंगामा मच गया. क्यों? दरअसल वैक्सीन लगवाने के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने गले में असमिया गमछा डाल रखा था, जबकि उन्हें वैक्सीन का टीका लगाने वाली दो नर्से केरल और पुडुचेरी से थीं. संयोगवश अगले दो महीनों में इन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं और इसी क्रम में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर प्रधानमंत्री अपने साथ ऋषि अरविंदो की फोटो और गीताजंलि भी रख लेते, तो पूरे पांच राज्य हो जाते.

गिरिराज सिंह का पलटवार
बंगाल कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के बयान पर पलटवार करते हुए केंद्रीय पशुपालन मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, “हमारे वैज्ञानिकों ने जिस दिन वैक्सीन लॉन्च किया, उस दिन भी विवाद खड़ा किया गया. आज प्रधानमंत्री ने वैक्सीन का टीका लगवाया, तो विवाद खड़ा किया. कांग्रेस झूठ का पिटारा है और झूठ फैलाना इनकी आदत है.’ केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बालाकोट पर झूठ बोला, वैक्सीन आई तो भी झूठ बोला. प्रधानमंत्री ने टीका लगवाया तब भी झूठ बोला. इनके डीएनए में झूठ है. राफेल मामले पर झूठ बोलते रहे. कोर्ट में माफी मांगनी पड़ी. मत्स्य मंत्रालय पर झूठ बोलते हैं कि अभी बना नहीं है.

‘ममता का जाना तय’
गिरिराज सिंह ने इसके साथ ही ममता बनर्जी की अगुवाई वाली बंगाल सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी का जाना तय है. जैसे सूर्य का पूर्व में निकलना और पश्चिम में डूबना तय है. वैसे ही ममता बनर्जी का डूबना भी तय है. टीएमसी नेता पर तीखा हमला करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, “नाम है ममता और काम करते हैं दरिंदगी वाली. एक बूढ़ी औरत को पीटा गया है. बंगाल में किम जोंग उन की सरकार है. बीजेपी बंगाल में इस बार 200 सीटें जीतेगी.’

‘वैक्सीन पर राजनीति ना हो’
बीजेपी के नलिन कोहली ने कहा कि वैक्सीन पर राजनीति नहीं होनी चाहिए ये दुर्भाग्यपूर्ण है. राजनीति करनी है तो कई विषय हैं. कांग्रेस ने पठानकोट पर राजनीति की. बालाकोट स्ट्राइक पर राजनीति की. क्या अब पार्टी के लिए देश की जनता के स्वास्थ्य पर ही राजनीति करना बाकी रह गया है. कम से कम इस पर राजनीति बंद करें.
बता दें कि देश में कोरोना वायरस टीकाकरण का दूसरा चरण शुरू हो गया है और इस चरण में 60 वर्ष के ऊपर के लोग टीका लगवा सकेंगे. साथ ही वे लोग भी टीका लगवा सकेंगे, जिन्हें गंभीर बीमारियां हैं. टीकाकरण के लिए कोविन ऐप के जरिए रजिस्ट्रेशन होगा.
Source : News18





