औरंगाबाद जिले के देव थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती के साथ गैंगरेप की घटना घटी। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए युवती ने कहा है कि विशाल कुमार ने उसे फोन कर घर से बाहर खेत की तरफ बुलाया था। वहां उसके साथ उसने जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए।

विशाल के अलावा अरविंद सिंह, सुजीत कुमार और गोठिला विश्वकर्मा नाम के तीन युवकों ने भी रेप की घटना को अंजाम दिया। गुरुवार की रात घटी घटना की सूचना शुक्रवार को पुलिस को दी गई। इसके बाद पीड़ित युवती और परिजनों को महिला थाना, औरंगाबाद भेज दिया गया।

यहां युवती के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। महिला थानाध्यक्ष उपासना सिंह ने बताया कि एक आरोपी युवक विशाल कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। कुल चार लोग अभियुक्त बनाए गए हैं जो देव थाना क्षेत्र के जम्हरिया गांव के रहने वाले हैं। बताया जाता है कि युवती के पहले से ही विशाल कुमार के साथ संबंध थे और उसने युवती को मिलने के लिए बुलाया था। इसी दौरान घटना को अंजाम दिया गया।

इस संबंध में एसपी सुधीर कुमार पोरिका ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है। एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। इधर गिरफ्तार युवक विशाल कुमार ने कहा कि उसका कभी भी युवती के साथ शारीरिक संबंध नहीं रहे हैं। वह मेडिकल जांच के लिए तैयार है। उसने कहा कि उसे बेवजह फंसाया जा रहा है।

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD