बिहार पुलिस के जवान बंगाल चुनाव में मोर्चा संभाल रहे हैं। पुलिस की 12 कंपनियां पश्चिम बंगाल में चुनाव कराने गई हैं। कमांडेंट रैंक के अधिकारी इस फोर्स का नेतृत्व कर रहे हैं। पुलिस के अलावा बिहार में तैनात अर्द्धसैनिक बल की दो कंपनियां भी बंगाल भेजी गई हैं।

बंगाल में चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने बड़े पैमाने पर अर्द्धसैनिक बल और राज्यों की सशस्त्र पुलिस बल को वहां प्रतिनियुक्त किया है। बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस की 12 कंपनियां भी इसके लिए बंगाल भेजी गई है। विभिन्न बटालियन से जुड़ी इन कंपनियों को कई चरणों के मतदान तक वहां प्रतिनियुक्त रखा जाएगा। पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों के मुताबिक निर्वाचन आयोग ने बंगाल भेजने के लिए बिहार से 20 कंपनी की मांग की थी पर होली और विधि-व्यवस्था में बड़ी संख्या में बल की तैनाती के मद्देनजर 12 कंपनी ही उपलब्ध हो पाई।

अर्द्धसैनिक बल की दो कंपनी भी भेजी गई

विशेष सशस्त्र पुलिस के अलावा बिहार में प्रतिनियुक्त अर्द्धसैनिक बल की दो कंपनियां भी चुनाव के मद्देनजर बंगाल भेजी गई हैं। इनमें एक कंपनी रैफ की बताई जाती है। बिहार से अर्द्धसैनिक बल की कुछ कंपनियां पूर्व में जम्मू-कश्मीर गई थी। उनमें से चार कंपनियां भी पश्चिम बंगाल गई हैं।

बिहार आई थी दूसरे राज्यों से 188 कंपनी

किसी राज्य में विधानसभा चुनाव के दौरान अर्द्धसैनिक बलों के अलावा दूसरे राज्यों की भी आर्म्ड पुलिस फोर्स भेजी जाती है। वर्ष 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में 14 राज्यों की पुलिस फोर्स की 188 कंपनियां आई थीं।

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD