बहू ने मामूली झगड़े में सांस को नृशंस तरीके से मौत के घाट उतार दिया। पहले सास की उंगली काट दी, फिर उसकी आंख निकाल ली। इसके बाद गर्दन रेतकर 56 वर्षीया धर्मशीला देवी की हत्या कर दी। बहू ललिता देवी ने खुद को भी आग लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। यह घटना बिहार के पटना से सटे परसा बाजार थाना इलाके के सकरैचा गांव में बीते मंगलवार को हुई।

ललिता गंभीर रूप से जख्मी है। उसका इलाज पीएमसीएच में चल रहा है। अब तक पता नहीं चल सका है कि सास-बहू के बीच किस कारण झगड़ा हुआ। पुलिस ने धर्मशीला के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा है।
एसपी सिटी पूर्वी जितेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया पारिवारिक विवाद में इस घटना के होने की बात सामने आयी है। सास-बहू में झगड़ा हुआ था। जिसके बाद ललिता ने धर्मशीला की हत्या कर दी। हत्या की आरोपित ललिता देवी राजकुमार साव और धर्मशीला देवी के बेटे पिंटू साव की पत्नी है। पिंटू ऑटो चालक है। उसके पिता भी ऑटो चलाते हैं। मृतका के पति राजकुमार के बयान पर हत्या का केस ललिता देवी पर दर्ज किया गया है।

नुकीली चीज से सास पर प्रहार करने लगी बहू

मौका ए वारदात पर छानबीन करने के बाद ऐसा प्रतीत हो रहा है कि बहू ने नुकीली और धारदार चीज से सास पर वार किया। इस कारण उसकी आंख फूट गयी। यह सबकुछ अचानक हुआ। उस वक्त घर में कोई मौजूद नहीं था। इस कारण दोनों का झगड़ा बढ़ता चला गया।

बहू की चीख सुनकर दौड़े लोग

जिस वक्त यह घटना हुई, उस समय पिंटू और उसके पिता ऑटो चलाने घर से बाहर गये थे। सास की हत्या करने के बाद जब बहू ने खुद को आग लगायी तो वह चिल्लाते हुए घर से बाहर निकल गयी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के रहने वाले लोग अपने-अपने घरों से बाहर आये। लोगों ने बहू ललिता देवी को आग से जलते देखा। फौरन उसे बचाया गया। इसके बाद सभी घर के अंदर गये तो वहां धर्मशीला की क्षत-विक्षत लाश पर नजर पड़ी। यह देख ग्रामीणों के पैरों तले जमीन खिसक गयी। आनन-फानन में सभी ने पुलिस को खबर दी।

अक्सर सास बहू में होता था झगड़ा

स्थानीय लोगों ने बताया कि अक्सर ललिता अपनी सास धर्मशीला देवी से झगड़ा करती थी। दोनों में काफी दिनों तक बातचीत भी नहीं होती थी। कई बार घरवालों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत होता था।

Source : Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD