PATNA :कोरोना संकट की महामारी से आज पूरी दुनिया त्रस्त है. भारत में कोरोना की चेन को तोड़ने के लिए 3 मई तक के लिए राष्ट्रव्यापी लॉक डाउन की घोषणा की गई है. लॉक डाउन की घोषणा के बाद बिहार के हजारों छात्र और लाखों मजदूर दूसरे राज्यों में फंस गए थे. आज केंद्र सरकार की ओर से लॉक डाउन में बड़ी छूट दी गई है. ताकि जो बिहारी राज्य के बाहर फंसे हैं, वो अपने घर लौट आएं. इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है पटना से जहां बिहार राज्य आपदा विभाग की ओर से विभिन्न राज्यों में 19 नोडल अफसरों की नियुक्ति की गई है.

बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदशों को नया आदेश जारी किया है. केंद्र सरकार ने नया आदेश जारी कर इस बात की जानकारी दी थी कि कुछ शर्तों के साथ बिहार या अन्य राज्यों के लोग अपने घर लौट सकते हैं. मंत्रालय ने कहा कि घर लौटने के क्रम में लॉक डाउन और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का खास ख्याल रखना होगा. सरकार के इस बड़े फैसले के बाद लॉकडाउन के दौरान देश के अलग-अलग जगह पर फंसे छात्र, मजदूर, टूरिस्ट और श्रद्धालु अब अपने घर वापस लौट पाएंगे.

केंद्र सरकार के इस बड़े फैसले के बाद बिहार सरकार ने आपदा प्रबंधन विभाग में 19 वरीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है. ये सभी अधिकारी दूसरे राज्यों में फंसे बिहारी छात्र, मजदूर, टूरिस्ट और श्रद्धालुओं तक राहत पहुंचाने का कार्य करेंगे. वहीं, दूसरी ओर बिहार के डिप्टी सीएम ने भी केंद्र सरकार से स्पेशल ट्रेन चलाये जाने की अपील की है. उन्होंने ट्वीट कर मोदी सरकार से रिक्वेस्ट किया है.

बिहार के बाहर फंसे लोगों के लिए दिल्ली और हिमाचल प्रदेश के लिए पलका सहनी और शैलेंद्र कुमार, जम्मू कश्मीर लद्दाख मेंके लिए शैलेंद्र कुमार, पंजाब के लिए मानवजीत सिंह ढिल्लो, हरियाणा के लिए दिवेश सेहरा, राजस्थान के लिए प्रेम सिंह मीणा, गुजरात के लिए बी कार्तिकेय, उत्तराखंड के लिए विनोद सिंह गुंजियाल को नोडल अफसर के रूप में नियुक्त किया गया है.

Input : First Bihar

 

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD