कोरोना की इस दूसरी लहर में एक तरफ जहां बेतहाशा मौत हो रही है वहीं दूसरी ओर बिहार में लॉकडाउन लगने के कारण लोगों का बाहर निकलना मुश्किल है. ऐसे में मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाना लोगों के लिए मुश्किल हो गया था. ऐसे में नगर विकास विभाग ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मौत के बाद परिजनों को दफ्तरों का महीनों तक चक्कर लगाने से अब छुटकारा दिलाने का फैसला किया है. अब नई व्यवस्था के तहत मृत्यु प्रमाण पत्र लोगों को सीधे मोबाइल पर SMS, ईमेल के साथ रजिस्टर्ड पोस्ट के जरिये घरों तक पहुंचाने का फैसला लिया गया है.

नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव आनंद किशोर द्वारा जारी नए निर्देश के मुताबिक आवेदक करने वाले का आवेदन के समय ही ईमेल आईडी और मोबाइल नम्बर लिया जाएगा. परिजन के मृत्यु प्रमाण पत्र बनने के साथ ही आवेदक के नंबर पर SMS किया जाएगा. साथ ही उसके ईमेल आईडी पर भी प्रमाण पत्र को भेजा जाएगा. अगर व्यक्ति रजिस्टर्ड पोस्ट के जरिये प्रमाण पत्र को अपने पता पर मंगाना चाहता है तो डाक खर्च देकर प्रमाण पत्र की मूल कॉपी अपने पते पर मंगा भी सकता है.

जिनके पास ई-मेल नहीं वे भी ले सकते हैं प्रमाण पत्र

प्रधान सचिव आनंद किशोर ने बिहार के सभी नगर निगमो के नगर आयुक्तों को निर्देश जारी करते हुए लोगो को एक सप्ताह के भीतर प्रमाण पत्र देने का निर्देश दिया है. वैसे गरीब लोग जिनके पास कोई ईमेल आई डी या SMS की सुविधा नहीं है वो भी तत्काल प्रमाण पत्र की सुविधा ले सकते हैं. नए निर्देश के मुताबिक जिनके पास ईमेल आईडी नहीं है या फिर देना नहीं चाहते, उनसे पहले से प्रिंटेड घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर कर या फिर अंगूठे के निशान लगाकर ले लिया जाएगा. उसके पास पंजीकृत डाक के जरिये मृत्यु प्रमाण पत्र भेज दिया जाएगा.

ऑनलाइन करना होगा सर्टिफिकेट के लिए आवेदन

नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव आनंद किशोर ने निर्देश जारी करते हुए कहा जो भी परिजन मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाना चाहते है उन्हें अपने क्षेत्र के नगर निगम के वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा. आवेदन के समय ही ई-मेल और फोन नंबर देना होगा. अगले चार से पांच दिनों के भीतर मृत्यु प्रमाण पत्र बना दिया जाएगा.

Input: News18

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD