बेटियां अब इतनी सशक्त हो चुकी हैं कि उन्हें किसी भी क्षेत्र में खुद को साबित करने की जरूरत बाकी नहीं रही। वे हर क्षेत्र में परचम लहरा रही हैं और नए कीर्तिमान बना रही हैं। पूर्व मध्य रेलवे (East Central Railway) के दानापुर रेल मंडल (Danapur Rail Division) अंतर्गत गुलजारबाग स्टेशन (Gulzarbagh Railway Station) पर सोमवार को ऐसा ही नजारा देखने को मिला।

रेलवे (Indian Railway) ने महिलाओं को सम्मान देने के लिए इस स्टेशन पर आज विशेष व्यवस्था की है। यह स्टेशन पटना जिले में पड़ता है और पटना जंक्शन (Patna Junction) से बाढ़ स्टेशन (Barh Station) के बीच स्थित है। यहां आप गुलजारबाग स्टेशन की कुछ तस्वीरें देख सकते हैं।

रेलवे के इंतजामों की तारीफ करते नजर आए रेल यात्री
इस स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था से लेकर पूछताछ, टिकट चेकिंग और टिकट काउंटर जैसी तमाम व्यवस्थाओं को केवल महिला स्टाफ ने संभाल रखा था। रेलवे ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को सम्मान देने के लिए यह विशेष व्यवस्था की थी।

इस दौरान सभी स्टाफ ने अपनी ड्यूटी बखूरी पूरी की। रेल यात्री भी इस व्यवस्था की सराहना करते दिखे और खुश नजर आए। गुलजार स्टेशन पर स्टेशन मास्टर की ड्यूटी सोमवार को सोनम कुमारी के जिम्मे रही। उन्होंने स्टेशन पर तमाम व्यवस्थाओं को संभाला और आने-जाने वाली ट्रेनों की निगरानी की।

गुलजारबाग आरपीएफ पोस्ट की कमान सब इंस्पेक्टर मंजू कुमारी के हाथ में रही। उनके सहयोग के लिए भी महिला पुलिसकर्मियों को ही लगाया गया था। स्टेशन के पूछताछ काउंटर पर अनिता कुमारी को ड्यूटी में लगाया गया था। इनके पास काम ज्यादा दिखा।

लोग ट्रेनों के आवागमन के लिए इनसे पूछताछ करते दिखे। अनारक्षित यानी जनरल टिकट काउंटर पर रानी कुमारी ड्यूटी में मुस्तैद दिखीं। उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं हर दृष्टि से सशक्त हैं।
Input: Dainik Jagran







