बहुप्रतिक्षित दरभंगा विमान सेवा आरंभ होने से पहले ही विवादों में घिरती दिख रही है। यह मामला बिहार के एक बीजेपी विधायक के साथ धोखाधड़ी से जुड़ा हुआ है। दरभंगा नगर विधायक संजय सरावगी दरभंगा से दिल्ली तक के लिए हवाई सेवा देनेवाली कंपनी स्पाइस जेट के खिलाफ लिखित शिकायत की है। बताया गया है कि बिना सूचना दिए उनका टिकट कैंसिल कर दिया गया है। न तो रिफंड राशि भेजी गई है और न ही टिकट कैंसिल करने का कोई कारण बताया गया है। ऐसी स्थिति में विधायक ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने इसे धोखाधड़ी माना है।

ये है मामला

उन्होंने कहा कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। विधायक सरावगी ने बताया कि उन्हें सोशल साइट के माध्यम से टिकट कैंसिल होने की जानकारी मिली। इसके बाद कंपनी के टॉल फ्री नंबर पर बात की। लेकिन, कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। ऐसी स्थिति में उन्होंने कंपनी को लिखित शिकायत की है। उन्होंने 41 सौ रुपये में दरभंगा से दिल्ली के लिए टिकट कटाया था। जो बिना सूचना दिए कैंसिल कर दिया गया। ऐसी स्थिति में उन्होंने दूसरी टिकट ली है, जो 78 सौ रुपये की है। ऐसी स्थिति में उन्हें ज्यादा राशि देय करना पड़ा है। इसके लिए कोर्ट के माध्यम से नोटिस भी देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि इसमें जो भी दोषी हैं उनके खिलाफ कंपनी कार्रवाई करे। ऐसी हरकत को उन्होंने साजिश करार दिया है। कहा- दरभंगा से उड़ान सेवा को शुरू होने से कोई नहीं रोक सकता है। यह मोदी सरकार का निर्णय है।

Source : Daini Jagran

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD