अभी तक आपने शराब पीकर हंगामा करते हुए पुरुषों को देखा-सुना होगा, लेकिन बिहार के वैशाली स्थित बिदुपुर के सैदपुर गणेश गांव में पुलिस ने एक महिला को शराब के नशे में हंगामा करते हुए गिरफ्तार किया है। नशे में होश खोकर वह खुद को कभी लेडी डॉन तो कभी ब्‍यूटी क्‍वीन बता रही थी। महिला का यह हाई वोल्‍टेज ड्रामा हुआ घंटों चला। वह हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के दिग्घीकलां की रहने वाली है। घटना के बाद यह सवाल भी खड़ा हो गया है कि वह हाजीपुर के दिग्घी से घटना-स्‍थल सैदपुर गणेश गांव तक सात से आठ किलोमीटर कैसे पहुंची? सवाल यह भी है कि महिला ने शराब कहां पी?

नशे की हालत में किया हाई वोल्‍टेज हंगामा

बताया गया है कि शनिवार की रात में सैदपपुर गणेश गांव के लोगो ने एक महिला नशे की हालत में हंगामा करते देखा। देखते-देखते व भीड़ उमड़ पड़ी। इसके बाद महिला ने लोगों को खुद को लेडी डॉन बताते हुए धमकी दी। वह अपनी बकबक के दौरान लोगों को पास नहीं आने को कह रही थी। इसी दौरान भीड़ में से जब किसी ने उसकी तारीफ की तब उसने खुद को ब्‍यूटी क्‍वीन बताया।

पुलिस ने दर्ज की एफआइआर, भेजा भेज

घंटों चले इस हाई वोल्‍टेज ड्रामा के बाद बिदुपुर थाना पुलिस ने पहुंचकर महिला को हिरासत में लेकर उसकी मेडिकल जांच करायी। इसके बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष धनंजय कुमार पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार महिला दिग्घी गांव की रहने वाली है। उस पर बिहार मद्यनिषेध अधिनियम के तहत बिदुपुर थाना में एफआइआर दर्ज की गई है। इसके बाद पुलिस उसे जेल भेज दिया है।

इस घटना ने खड़े किए कई सवाल

घटना ने कई सवाल खड़े किए हैं। हाजीपुर सदर थाना के दिग्घी से महिला सैदपुर गणेश अकेले नशे की हालत में कैसे आ गई? उसे शराब किसने पिलायी? यह जांच का भी विषय है कि क्या कोई महिला को बहला-फुसलाकर तो सैदपुर गणेश तो नहीं ले आया था? बिदुपुर थानाध्यक्ष धनंजय पांडेय से बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

Input: Dainik Jagran

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD