गुजरात की फैक्ट्री में हुए एक हादसे में बिहार के 4 मजदूरों की (Bihar Labor Death) मौत हो गई है. हादसा गुजरात के राजकोट (Rajkot) स्थित मोरबी जिले में एक निजी कारखाने में हुआ. बॉयलर फटने से ये सारे मजदूर उसकी चपेट में आ गए. हादसे की चपेट में आए मजदूर कटिहार के कोढ़ा थाना क्षेत्र के नक्कीपुर गांव के निवासी थे.

कटिहार जिलाधिकारी उदयन मिश्रा ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि गुजरात के मोरबी जिले के खेरवा गांव स्थित देव इंड्रस्ट्रीज में देर रात बॉयलर फटने से चार मजदूरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है, जबकि अन्य चार मजदूर घायल हो गए हैं. इस घटना के बाद मृतकों के शव को कटिहार लाये जाने को लेकर लगातार जिला प्रशासन के द्वारा प्रयास किया जा रहा है. इसकी जिम्मेदारी अपर समाहर्ता विजय कुमार को सौंपी गई है.

डीएम ने बताया कि जिला प्रशासन लगातार राजकोट प्रशासन से सम्पर्क कर रहा है. सभी मृतक मजदूर 19 वर्ष से लेकर 25 वर्ष के बीच के हैं. ये सभी एक ही गांव के रहने वाले हैं. इस घटना के बाद मृतकों के गांव में जहां मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. वहीं, घर के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हुआ है.
Input: News18








