जमुई. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने बिहार चुनाव के दौरान कांग्रेस और राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पर निशाना साधा है. जमुई में बीजेपी की प्रत्याशी श्रेयसी सिंह (Shreyasi Singh) के लिए प्रचार करने पहुंचे योगी ने कहा कि देश का नौजवान जान रहा है कि देश पीएम मोदी के ही हाथ में सुरक्षित है. राहुल गांधी और ओवैसी तो पाकिस्तान की तारीफ करते हैं. योगी ने कहा कि जो पाकिस्तान की तारीफ करते हैं वो देश का हित कैसे करेंगे. जो देश के हित की नहीं सोचते उन्हें राजनीति करने का अधिकार नहीं है. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कश्मीर से धारा 370 हटा तो राहुल और ओवैसी को तकलीफ है. भारत को अगर कोई भी टेढ़ी नजर से देखेगा तो हमारे जवान जवाब देंगे. उन्होंने कहा कि अब तो पाकिस्तान के प्रधानमंत्री भी भयभीत हैं.

यूपी के सीएम ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का शिलान्यास हो गया है. अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनेगा. कांग्रेस और राजद ने देश के बारे में नहीं सोचा. अगर सोचते तो योजना उन्हीं के समय में मिल गई होती लेकिन इन लोगों ने विकास नहीं किया केवल घोटाला पर घोटाला हुआ. पीएम नरेंद्र मोदी ने बिना भेदभाव के मकान दिया, पिछले वर्ष 3 करोड़ लोगों को मकान मिला, 50 लाख लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ मिला. प्रधानमंत्री ने सबका साथ सबका विश्वास के नारे के साथ विकास किया है. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत सरकार ने कोरोना से लड़ाई में देश के लोगों के लिए काम किया. गरीबों और मजदूरों के लिए काम किया.

योगी ने कहा कि कोरोना एक महामारी है, संकट है. जब तक दवाई नहीं तब तक ढिलाई नहीं. योगी ने वोट डालने वाले लोगों से अपील करते हुए कहा कि दो गज की दूरी रखें और मास्क पहनें. कोरोना का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि आज विश्व कोरोना से जूझ रहा है, लेकिन देश के पीएम कोरोना से लड़े. पीएम मोदी का आभार है कि वो देश को महामारी से बचाने का काम कर रहे हैं. योगी ने लोगों से बीजेपी की प्रत्याशी श्रेयसी सिंह को जीत दिलाने की अपील की.

Source : News18

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD