आगामी 1 मई से शुरू होने वाले कोविड-19 टीकाकरण अभियान की शत प्रतिशत सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से आवश्यक तैयारियों में जुट गया है। इस चरण में 18 वर्ष से ऊपर के सभी महिला व पुरुषों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। ऐसे लोगों को चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

अभियान शुरू होने के साथ ही इस आयु वर्ग के दायरे वाले बीमार एवं सामान्य तरह के सभी लोगों को पिछले चरण की तरह ही इस बार भी पंजीकरण कराने के बाद टीका देने का कार्य शुरू हो जाएगा। इसके लिए आरोग्य सेतु एवं कोविन एप के माध्यम से पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

कोविन साइट के लिए कोई एप नहीं है और पंजीकरण केवल वेबसाइट के द्वारा ही की जा सकती है। उसके लिए कोविन प्लेटफार्म और आरोग्य सेतु एप पर कल से ही पंजीकरण शुरू हो गया है। इसके लिए युवा वर्ग खुद ही अपने एंड्रॉयड मोबाइल फोन से कोविन (CoWIN) पोर्टल पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

टीकाकरण से पहले कोविड-19 जांच जरूरी
सिविल सर्जन डॉ. योगेंद्र महतों ने बताया कोविड-19 से बचाव के लिए टीकाकरण कराना बहुत ज़्यादा जरूरी है लेकिन इसके पहले कोरोना जांच कराना उससे भी ज़्यादा जरूरी है। क्योंकि आपकी सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से टीके लगाने के बाद किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न नहीं हो। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीके लगाने से पहले जांच कराना अनिवार्य माना जा रहा है।
इसके लिए जिले के सभी सरकारी अस्पताल एवं निजी अस्पतालों में जहां टीकाकरण कार्य किया जा रहा है वहां पर कोरोना जांच की भी व्यवस्था की गई है। सिविल सर्जन ने बताया आगामी 1 मई से 18 वर्ष से ऊपर के लोगों को कोविड-19 टीकाकरण अभियान के शुरू होने से पहले अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराना होगा। उसके बाद ही कोरोना का टीका लगाया जाएगा। पंजीकरण के समय आधार कार्ड एवं मोबाइल नंबर अपने पास अनिवार्य रूप से रखना पड़ेगा तभी उसका पंजीकरण किया जाएगा।

सभी तैयारियां हुईं पूरी
टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए लगभग सभी तरह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिसके लिए जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल के अलावा जिले के सभी अनुमंडलीय अस्पताल, रेफरल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व शहरी स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को आवश्यक रूप से दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं। ताकि इस अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। क्योंकि 18 वर्ष से ऊपर वालों के टीकाकरण अभियान के समय सभी तरह के टीकाकरण केंद्रों पर अनुमान से ज़्यादा भीड़ होने की उम्मीद हैं।
आएगी वैक्सीनेशन में तेजी
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी धीरज कुमार ने बताया कि कोविड-19 के बचाव को लेकर जिले के 1,30,764 व्यक्तियों को प्रथम डोज एवं 22051 व्यक्तियों को टीकाकरण का दूसरा डोज दिया जा चुका हैं। आगामी 1 मई से 18 वर्ष से ऊपर के लोगों को टीके लगाने का कार्य शुरू होने के बाद जिले में चल रहे वैक्सीनेशन अभियान की रफ्तार में काफी तेजी आएगी।
Source : Hindustan



