चुनाव में अक्सर दो दलों के समर्थकों के बीच कहासुनी और हाथापाई की खबरें आती रहती है, ऐसे में चुनावी नतीजे को लेकर हिंसा न उखड़ जाए, इसलिए बिहार पुलिस मुख्यालय ने मतगणना को लेकर प्रशासनिक सतर्कता के निर्देश दिए हैं। बिहार पुलिस मुख्यालय ने सभी प्रमंडलीय आयुक्त आईजी, डीआईजी और सभी एसपी को इस संबंध में निर्देश जारी किया है।

दिशा – निर्देश में सख्त हिदायत है कि प्रशासन अपने कर्तव्यों के प्रति सर्तकता दिखाते हुए स्थिति को सामान्य बनाए रखने का हरसंभव प्रयास करे । साथ ही गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव और DGP के संयुक्त आदेश में कहा गया है, कि चुनाव प्रचार के दौरान विभिन्न पार्टी के नेताओं द्वारा अपने भाषण में दूसरे दलों के विरुद्ध अमर्यादित भाषा का प्रयोग किए जाने के कारण उनके समर्थकों में भारी नाराजगी है। मतगणना के बाद जीते उम्मीदवारों के समर्थकों द्वारा विपक्ष के प्रति उग्र नारा लगाए जाने की संभावना है, जिससे शांति भंग होने से इनकार नहीं किया जा सकता है।

सभी चौक चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करें। छोटे-छोटे गश्ती दल बनाकर संवेदनशील स्थानों पर गश्ती सुनिश्चित करें। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद यदि शांति भंग होने की संभावना हो तो उन्हें चिन्हित कर निरोधात्मक कार्रवाई करें। मतगणना केंद्र के बाहर धारा 144 लागू कर स्थिति नियंत्रित करें। मतगणना स्थल या बाजार में गस्ती तथा चौक चौराहों पर अनावश्यक भीड़ इकट्ठा ना होने दें।



