पूर्वी चंपारण. बिहार के पूर्वी चम्पारण में उत्तर प्रदेश के हाथरस गैंगरेप (Hathras Rape) की तर्ज पर एक घटना हुई है. मामला जिला के कुण्डवा चैनपुर से जुड़ा है. आरोप है कि यहां करीब एक सप्ताह पुराने घटनाक्रम में एक 12 बर्षीय बच्ची के साथ गैंगरेप (Gang Rape) करने के बाद दबंगों ने उसकी हत्या (Murder) कर दी थी. आरोप यह भी है कि बच्ची की हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए मृतका के शव को रात के अंधेरे में जला दिया गया. बच्ची के शव को जलाने का एक वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में बच्ची के शव को जलाते लोग दिख रहे हैं. यहां आरोपितों के अलावा लड़की की रो रही मां और उसका पिता भी मौजूद है. इस मामले में SHO को निलंबित कर दिया गया है.
बताया जाता है कि मृत बच्ची के शव को रात में कुंडवा चैनपुर-परसा रोड में सड़क के किनारे जला दिया गया. बच्ची के शव को जलाने के लिए लकड़ी के अलावा मिट्टी तेल, चीनी और नमक का इस्तेमाल किया गया, ताकि कोई सबूत न बचे. शव जलाने में लगे लोग आग में गैलन से मिट्टी तेल डालते दिख रहे हैं, जबकि एक औरत की रोने की आवाज सुनाई दे रही है जो उसकी मां की आवाज बतायी जा रही है. इसका जिक्र मृतका के पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में भी किया है.
घटना की जांच के लिए एसपी नवीन चन्द्र झा कुंडवा चैनपुर थाना पहुंचे. एसपी ने घटनास्थल का दौरा किया साथ ही पुलिस अधिकारियों से घटना को लेकर कई बिन्दुओं पर जानाकरी ली. एसपी ने आरोपितों की गिरफ्तारी जल्द करने का निर्देश दिया है. एसपी नवीन चन्द्र झा ने घटना में थानाध्यक्ष की भूमिका को लेकर उठ रहे सवालों के मुद्दे पर भी छानबीन की. इस दौरान एसपी से मिलने आरोपियों के घर की महिला परिजन भी पहुंचीं.
महिलाओं ने जमीनी विवाद को लेकर उनके घर के लोगों को इस मामले में फंसा देने की बात कही. एसपी ने आरोपियों के महिला परिजन को बचाव में सबूत देने और अपनी बातों को लिखित में देने के लिए कहा. जिला के कुंडवा चैनपुर थाना क्षेत्र के कुंडवा बाजार में 12 बर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ गैंगरेप कर उसकी हत्या कर दी गई. आरोप है कि आरोपियों ने थानाध्यक्ष से मिलकर बच्ची के शव को जला दिया. मृत बच्ची के माता-पिता को डरा-धमका कर आरोपियों ने चुप करा दिया, लेकिन घटना के करीब एक सप्ताह के बाद मृत बच्ची के पिता ने सिकरहना एसडीपीओ को आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने का आग्रह किया जिसके बाद मामला सामने आया.
इसी बीच कुंडवा चैनपुर थानाध्यक्ष संजीव रंजन और आरोपी के बीच बच्ची के शव को ठिकाने लगाने को लेकर हो रही बातचीत वायरल हो गई. इसके बाद एसपी ने थानाध्यक्ष संजीव रंजन को निलंबित कर दिया है और घटना की जांच को लेकर एसआईटी का गठन कर दिया है. एसपी ने इस मामले की गम्भीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को तलब किया है. एसपी ने बताया कि एफएसएल की टीम वैज्ञानिक तरीके से मामले की जांच करेगी. रेप फिर हत्या और फिर शव को जलाने के एक एक बिन्दुओं की साक्ष्य टीम जुटायेगी.
Source : News18








