बिहार में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। राज्य में आज 13,374 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई है। पटना में सर्वाधिक 2207 नए संक्रमित मिले हैं। पटना सहित सात जिलो में पांच सौ से अधिक नए संक्रमण के मामले मिले हैं। औरंगाबाद में 597, बेगूसराय में 764, गया में 1133, पूर्णिया में 548, सारण में 589 और पश्चिमी चंपारण में 547 नए संक्रमित मिले।

इससे पहले राज्य में मंगलवार को एक दिन में 12604 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई थी। वहीं इलाज के दौरान 86 कोरोना मरीजों ने दम तोड़ दिया था। राज्य के 27 जिलों में सौ से अधिक नए कोरोना संक्रमित मिले। राज्य की राजधानी पटना की हालत सबसे ज्यादा खराब है। यहां सबसे ज्यादा संक्रमण के मामले मिले हैं।

गया में मिले 846 संक्रमित

गया जिले में बुधवार को पुन: संक्रमण में तेजी देखी गयी है। बुधवार को जिले में 4597 लोगों की जांच में 846 संक्रमित मिले। वहीं जिले में पूर्व से संक्रमितों में से 590 स्वस्थ हुये। वही संक्रमित मिलने की दर 11.95 से बढ़कर 18.40 हो गयी। जिले में 846 संक्रमितों के मिलने के साथ ही जिले में एक्टिव कोरोना मरीजों की संख्या 8 हजार पार कर गयी और वर्तमान समय में जिले में एक्टिव कोरोना संक्रमित की संख्या 8 हजार 155 हो गयी है।

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD