बिहार के गोपालगंज जिले के महम्मदपुर थाने के डुमरियाघाट महासेतु पर शुक्रवार की देर रात मिर्ची लदे ट्रक और कार की आमने-सामने हुई टक्कर में कार पर सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और एक बेटी और बेटा शामिल हैं।

घटना के संबंध में बताया गया कि दिल्ली से सहरसा के लिए एक परिवार कार पर सवार होकर डुमरियाघाट महासेतु होकर जा रहा था। इसी बीच सामने से आ रही अनियंत्रित ट्रक ने कार में ठोकर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। जबकि दो लोगों की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई।

महम्मदपुर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार पांडेय ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और कार को जब्त कर लिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेजने की प्रक्रिया चल रही है। समाचार लिखे जाने तक मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा सकी है।

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD