प्रश्न पत्र लीक की शिकायत के बाद बिहार बोर्ड ने शुक्रवार को आयोजित मैट्रिक के सामाजिक विज्ञान विषय की प्रथम पाली की परीक्षा रद्द कर दी है। इस मामले में जमुई के तीन बैंककर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। अब यह परीक्षा दुबारा आठ मार्च को होगी। प्रथम पाली में आठ लाख 46 हजार 504 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हस्तक्षेप के बाद बिहार बोर्ड ने यह कार्रवाई की है।

वहीं, बिहार बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि प्रश्न पत्र लीक मामले की जांच कराई गई। इसमें पता चला कि सामाजिक विज्ञान की प्रथम पाली की परीक्षा के क्रम में 111-0470581 क्रमांक का प्रश्न पत्र जमुई जिले के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की झाझा शाखा से लीक हुआ है। प्रारंभिक जांच में एसबीआई झाझा के संविदा कर्मी विकास कुमार की संलिप्तता पायी गई। साथ ही बैंक के तीन अन्य कर्मी शशिकांत चौधरी, अजीत कुमार और अमित कुमार सिंह की लापरवाही सामने आई। इस पर विकास कुमार, अजीत कुमार व शशिकांत चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि विकास कुमार का संबंधी मैट्रिक परीक्षा दे रहा है। विकास ने परीक्षा शुरू होने से पहले अपने एक संबंधी को वाट्सएप पर प्रश्नपत्र भेजा था। इसके अलावा विकास ने प्रश्नपत्र किसको भेजा, इसकी भी जांच की जा रही है।

कई लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश 
बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर की मानें तो कई लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। डीएम जमुई और पुलिस अधीक्षक जमुई को इस संबंध में निर्देश दिया गया था। पूरी जांच पड़ताल की गयी है। पुलिस द्वारा इस मामले की विस्तृत छानबीन की जा रही है। समिति के निर्देश के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। जो भी सरकारी या निजी व्यक्ति इस कार्य में सम्मलित पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नियमानुसार गिरफ्तारी की जाएगी और कानूनी प्रावधानों के अनुसार कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD