विधानमंडल के बजट सत्र के 20वें दिन बुधवार को पुलिस अधिनियम बिल 2021 के विरोध में अभूतपूर्व बवाल हुआ। 4 बार कार्यवाही स्थगित होने के बाद विपक्ष के विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा को उनके ही चैंबर में बंधक बना दिया। DM और SSP के साथ धक्का-मुक्की की गई। चैंबर के पास विपक्ष के विधायक पुलिसकर्मियों से भी भिड़ गए। इसके बाद एक-एक कर विपक्ष के विधायकों को सुरक्षाकर्मी बाहर फेंकने लगे। जिसमें मकदुमपुर से राजद विधायक सतीश कुमार दास बेहोश हो गए हैं। बताया जा रहा है कि विधानसभा के इतिहास में पहली बार इस तरह का बवाल हुआ है।

स्पीकर के चैंबर के बाहर पुलिस बल तैनात

राजद और कांग्रेस की 7 महिला विधायकों ने आसन को घेर लिया है। लगातार घंटी बज रही है। लेकिन महिला विधायक आसन के पास से हट नहीं रही हैं। आसन पर अभी कोई नहीं बैठा हुआ है। इससे पहले कार्यवाही शुरू होने के बाद डॉ. प्रेम कुमार सभापति बने। लेकिन विपक्ष के करीब 12-13 विधायक वेल के पास पहुंच गए और बिल फाड़ दिया। फिर कार्यवाही को 5:30 तक के लिए स्थगित कर दिया गया। विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा चैंबर में ही बैठे हुए हैं। बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है।

विपक्ष के विधायकों ने टेबल को तोड़ा

इससे पहले विधानसभा में विपक्ष के सदस्यों के हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही चार बार स्थगित करनी पड़ी। कार्यवाही के दौरान विपक्षी सदस्य वेल में आ गए, बिल की कॉपी फाड़ दी, नारेबाजी करने लगे। यही नहीं, वे रिपोर्टर टेबल पर चढ़ गए, इतने से संतोष नहीं हुआ तो टेबल को तोड़ दिया। इस बीच जब दूसरी बार कार्यवाही स्थगित हुई तो सत्तापक्ष के सभी सदस्यों के सदन से चले जाने के बाद राजद के भाई वीरेंद्र ने रिपोर्टर टेबल पर चढ़ कर इस बिल के विपक्ष में वोटिंग करा दी।

वेल के पास फाड़ी कॉपी

विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा होने लगा। पुलिस विधेयक के विरोध में विपक्ष के विधायक जमकर नारेबाजी करने लगे। RJD के विधायकों ने वेल के पास पुलिस अधिनियम बिल 2021 की कॉपी फाड़ दी। विपक्ष की ओर से कार्यस्थगन प्रस्ताव को अमान्य कर दिया गया। सदन के अंदर विपक्ष के कई विधायक पोस्टर लेकर पहुंचे थे। मार्शल विधायकों से पोस्टर वापस लेने लगे। सदन में हंगामा बढ़ता देख विधानसभा अध्यक्ष ने 12 बजे तक कार्यवाही स्थगित कर दी। दोबारा कार्यवाही शुरू होने पर विपक्ष के विधायक फिर से हंगामा करने लगे।

Input: Dainik Bhaskar

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD