क्रिसमस और नये साल के मौके पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। इन दोनों ही मौकों पर सुरक्षा की विशेष व्यवस्था रखने को लेकर डीजीपी ने भागलपुर एसएसपी सहित अन्य जिलों के एसपी को निर्देश दिया है। इस संबंध में एसएसपी ने भी जिलेभर के अपने अधीनस्थ पदाधिकारियों और थानाध्यक्ष को निर्देश दिये हैं।

क्रिसमस और नये साल के मौके पर महिलाओं और युवतियों से छेड़खानी, मारपीट और अन्य तरह की घटनाओं को रोकने के लिए विभिन्न जगहों पर सादे लिबास में महिला और पुरुष पदाधिकारी और कर्मी को तैनात करने का निर्देश दिया गया है। होटल, रोस्टोरेंट, धार्मिक स्थलों, पिकनिक स्पॉट और अन्य वैसी जगहों जहां पर भीड़ होने की संभावना रहती है, उन जगहों पर विशेष चौकसी बरती जायेगी।

शराब और कोरोना को लेकर भी हैं निर्देश
नये साल के मौके पर दूसरे राज्यों से शराब की बड़ी खेप मंगवाये जाने की आशंका है। ऐसे में शराब तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने का निर्देश डीजीपी ने दिया है। इसके साथ ही कोरोना को लेकर पहले से जारी निर्देश का भी सख्ती से पालन कराया जायेगा। एक जगह पर ज्यादा भीड़ न हो और जो लोग वहां पहुंचे वे मास्क लगाकर रखें, यह भी ध्यान रखा जायेगा।

क्रिसमस और नये साल को लेकर ये हैं निर्देश
– संवेदनशील जगहों पर पुलिस की गश्ती लगातार बनी रहेगी, वरीय अधिकारी भी उन जगहों पर नजर रखेंगे
– संध्या और रात्रि गश्ती की पुलिस की टीम को ज्यादा सक्रिय रहना होगा, उन्हें पैदल गश्ती पर विशेष ध्यान देना होगा
– फरार वारंटियों को पकड़ने को विशेष अभियान चलाया जाये, ताकि वे बाहर रहकर घटना को अंजाम नहीं दे सकें
– नदी, दियारा क्षेत्र के अलावा तालाब के किनारे और अन्य प्राकृतिक स्थलों पर भीड़ होती है, वहां सुरक्षा रहेगी
– भीड़ वाली जगहों पर पुलिस पदाधिकारी औचक जांच करेंगे, ताकि संदिग्धों की पहचान कर कार्रवाई की जा सके

क्रिसमस और नये साल के मौके पर कड़ी सुरक्षा रहेगी। सभी थानाध्यक्ष गश्ती करेंगे। वरीय पुलिस पदाधिकारी भी विभिन्न इलाकों में भ्रमणशील रहेंगे। शराब और वारंटियों को पकड़ने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस मौके पर कोविड को लेकर जारी निर्देश का भी पालन कराया जायेगा।
– आशीष भारती, एसएसपी

Input: Live Hindustan

rama-hardware-muzaffarpur

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD