पटना. बिहार चुनाव में जीत के लिए सत्तारूढ़ एनडीए गठबंधन (NDA) की प्रमुख साझीदार भारतीय जनता पार्टी (BJP) कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाह रही है. दूसरे चरण के लिए प्रचार की अवधि समाप्त होने के बाद पार्टी के स्टार प्रचारकों की फौज अब तीसरे फेज के लिए कमर कसकर तैयार है. इन्हीं स्टार प्रचारकों में से एक दिल्ली से भाजपा सांसद और मूल रूप से बिहार के रहने वाले मनोज तिवारी (MP Manoj Tiwari) भी पटना में एनडीए के उम्मीदवारों के समर्थन में सभाएं कर रहे हैं. इसी क्रम में सांसद मनोज तिवारी ने News 18 के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत की. गंगा में नाव की सैर करते हुए न्यूज 18 के साथ बातचीत में मनोज तिवारी ने कहा कि इस चुनाव में विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, वह सिर्फ हवाई फायरिंग कर रहा है.

पटना में दीघा इलाके में गंगा नदी की सैर करते हुए मनोज तिवारी ने भोजपुरी में बातचीत की. नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के खिलाफ चुनावी लहर के कारण बीजेपी को परेशानी के सवाल पर मनोज तिवारी ने कहा, ‘अब चूंकि विपक्ष के पास कौनो मुद्दा नइखे न हो…, ऊ का कहिंये. विपक्ष का करीं…, हवाई फायरिंग कर ता…, हवा में ठांय…ठांय…!’ बीजेपी सांसद ने कहा कि हवाई फायरिंग करने वालों से यह पूछना चाहिए कि वे किसी मुद्दे पर आकर बात करें. बिहार में चमचमाती सड़कें बन गई हैं, गंगा नदी में रिवर-फ्रंट बन रहा है, जिसका अधिकतर काम पूरा हो गया है. तिवारी ने कहा कि विकास के इन कार्यों को देखकर विपक्ष को कुछ सूझ नहीं रहा है.
#सबसे_बड़ा_दंगल #News18India संवाददाता अरुण सिंह के साथ भाजपा सांसद मनोज तिवारी की #SuperExclusive बातचीत, कहा- विपक्ष के पास नहीं है मुद्दा, विपक्ष कर रहा हवाई फायर #BiharPolls #BiharElection2020 @arunsingh4775 pic.twitter.com/oxGhG9f3W1
— News18 India (@News18India) November 2, 2020
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने न्यूज 18 के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में बीजेपी और जेडीयू गठबंधन के चुनाव में जीतने का भी दावा किया. उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद जो विकास का सफर शुरू होगा, वह भी अच्छा होगा. गौरतलब है कि बीजेपी के दिग्गज नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी आज न्यूज 18 के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में विधानसभा चुनाव में एनडीए की भारी बहुमत से जीत का दावा किया. गिरिराज सिंह ने साक्षात्कार के दौरान तेजस्वी यादव के 10 लाख लोगों के रोजगार देने के दावे पर भी टिप्पणी की. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि तेजस्वी यादव बिहार में 20 महीने तक डिप्टी सीएम रहे थे, उस दौरान उन्होंने कितने लोगों को नौकरी दी, चुनाव में इसका आंकड़ा भी पेश करना चाहिए.
Source : News18





