पिछले तीन दिनों से जारी बारिश से उत्तर बिहार से गुजरने वाली नदियां ऊफान पर हैं। इससे उत्तर बिहार के जिलों में एक बार फिर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। गंडक, बूढ़ी गंडक, बागमती समेत अन्य नदियों का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में पानी फैलने लगा है। वाल्मीकिनगर एसएसबी कैंप में गंडक का पानी प्रवेश कर गया है। वहीं बागमती व लालबकेया का पानी बढ़ने से मोतिहारी- शिवहर मेन रोड पर आवागमन ठप हो गया है।
पश्चिम चम्पारण में गंडक, सिकरहना, पंडई समेत दर्जनभर नदियों में फिर से उफान आ गया है। वाल्मीकिनगर स्थित गंडक बराज से गुरुवार शाम चार बजे तक 3.84 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इससे वाल्मीकिनगर के एसएसबी कैंप, आसपास के आधा दर्जन गांव समेत वीटीआर में बाढ़ का पनी घुस गया। यहां एसडीआरएफ की टीम ने निचले इलाकों के लोगों को निकाल रही है। वहीं बैरिया, नौतन समेत आधा दर्जन प्रखंडों के तटबंध के भीतर के गांवों में फिर से पानी घुस गया है। पानी का दबाव चंपारण तटबंध पर बढ़ने लगा है। डीएम कुंदन कुमार ने अधिकारियों को आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है। इधर, सिकरहना, मसान, हरबोड़ा, गांगुली, रामरेखा, पुंडई समेत दर्जनों पहाड़ी नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि से आसपास बसे गांव के लोग एक बार फिर दहशत में आ गए हैं।
पूर्वी चम्पारण में बागमती व लालबकेया नदी के जलस्तर पर वृद्धि से मोतिहारी-शिवहर सड़क पर बाढ़ का पानी चढ़ गया है, जिससे गुरुवार को मोतिहारी-शिवहर सड़क संपर्क भंग हो गया है। अब शिवहर जाने के लिए लोगों को किमी अधिक दूरी तय करनी पड़ रही है। बारिश से गरमा धान फसल को भारी नुकसान होने की आशंका जतायी जा रही है। जबकि बारिश से फूलगोभी सब्जी को लाभ होगा।
सीतामढ़ी में बागमती नदी ढेंग, कटौझा, सोनाखना, डुब्बाघाट में लाल निशान के पार पहुंच गई है। इधर, अधवारा समूह की नदी दो जगह पर लाल निशान के पार पहुंच गया है। जलस्तर में वृद्धि से संभावित बाढ़ की आशंका से लोग चिंतित। वहीं शहर से सटे लखनदेई नदी के जलस्तर में वृद्धि से रिंग बांध रोड स्थित डायर्वसन बह गया है। शहर के निचले इलाके में फिर बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

समस्तीपुर में बागमती के जलस्तर में दोबारा बढ़ोतरी होने से कल्याणपुर प्रखंड में बाढ़ की आशंका उत्पन्न हो गयी है। अचानक नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी से जहां निचले इलाके के खेत व खलिहान में पानी प्रवेश करने लगा है वहीं कुछ जगह सड़क पर पानी आ जाने से आवागमन की भी समस्या उत्पन्न हो गयी है।

मधुबनी के बेनीपट्टी में बाढ़ व बरसात से जमींदारी बांध को क्षति पहुंची है। अभी फ्लड कंट्रोल एक के कार्यपालक अभियंता वहा निरीक्षण कर रहे हैं। वहीं झंझारपुर में कमला नदी फिर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गई है।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD