पटना. बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के बाद अब बीजेपी की तरफ से भी बयान सामने आया है. नीतीश कुमार द्वारा ये कहे जाने के बाद कि भाजपा से कोई प्रस्ताव नहीं मिला है पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल (BJP President Sanjay Jaiswal) ने प्रतिक्रिया जाहिर की है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा है कि बीजेपी अपने तरीके से काम करती है और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर जल्द ही कोई फैसला लिया जाएगा.
संजय जायसवाल ने कहा कि पार्टी के इस फैसले से सभी को अवगत कराया जाएगा. पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के आरोपो पर संजय जयसवाल ने एआईएमआईएम नेता ओवैसी की भाजपा के साथ सांठगांठ होने को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि अगर भाजपा की ओवैसी के साथ सांठगांठ होती तो सीमांचल में एनडीए को तीन सीटों का नुकसान नहीं उठाना होता. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बननी तय है.
बिहार कैबिनेट द्वारा बिहार में 20 लाख रोजगार देने समेत कई फैसलों को संजय जायसवाल ने बिहार की जनता के हित में बताया और कहा कि एनडीए में शामिल सभी घटक दलों के चुनावी संकल्प का यह मूर्त रूप है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा ट्वीट के माध्यम से भाजपा नेताओं पर किए गए हमले पर भाजपा प्रत्याशी अध्यक्ष ने पलटवार करते हुए कहा कि तेजस्वी यादव बिहार में रहने की बजाए दिल्ली और ट्विटर पर ज्यादा रहते हैंं.
मालूम हो कि बिहार में कैबिनेट के विस्तार की सुगबुगाहट के बीच मंगलवार को सीएम नीतीश कुमार ने बयान देते हुए कहा था कि इस मसले को लेकर बीजेपी की तरफ से कोई प्रस्ताव नहीं आया है. बिहार में अब कैबिनेट के विस्तार की संभावना 14 जनवरी के बाद होने की संभावना जताई जा रही है.
Source : News18




