महमदपुर हत्याकांड के विरोध में महागठबंधन ने शनिवार को मधुबनी बंद का ऐलान किया है। महागठबंधन के नेता इस बंदी को सफल बनाने में जुट गए हैं । शहर के स्टेशन चौक पर राजद नेताओं का जमावड़ा लगा है। सड़क जाम कर आवागमन बाधित किया गया है । बाजार की दुकानों को बंद कराया जा रहा है। प्रदर्शनकारी हत्याकांड के पीड़ितों को न्याय के लिए नारे लगा रहे हैं।

मधुबनी बंद का असर सड़कों पर दिखने लगा है। चार पहिया वाहनों का परिचालन नहीं हो रहा। सुबह में सड़कों पर बाइक व ई-रिक्शा का परिचालन देखा गया, लेकिन सुबह आठ बजे स्टेशन चौक को प्रदर्शनकारियों ने जाम कर दिया है। स्टेशन चौक पर मधुबनी के नगर विधायक समीर महासेठ, लौकहा के राजद विधायक भारत भूषण मंडल, पूर्व विधायक सीताराम यादव समेत बड़ी संख्या में राजद के नेता व कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। प्रदर्शनकारी राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी आरोपितों को फांसी की सजा, मुख्य आरोपितों के मोबाइल कॉल डिटेल्स से संरक्षकों को चिन्हित करने, बेनीपट्टी व बिस्फी के भाजपा विधायकों के मोबाइल कॉल डिटेल्स की जांच, घटना की एसआईटी से न्यायालय की देखरेख में जांच, पीड़ित परिवारों को 20-20 लाख मुआवजा और बेनीपट्टी डीएसपी को हटाने की मांग कर रहे हैं । स्टेशन चौक पर प्रदर्शनकारियों के जमावड़ा को लेकर पुलिस भी सतर्क है। बड़ी संख्या में महिला व पुरुष पुलिस बल मौके पर तैनात हैं।

इधर, बेनीपट्टी में सुबह में बंदी का असर नहीं दिखा। बाजार में अन्य दिनों की भांति दुकानें खुली हैं। हालांकि, सड़कों पर आवागमन कम है । दंगा निरोधी दस्ता बेनीपट्टी बाजार में जगह-जगह तैनात हैं । महमदपुर, गैबीपुर व पौआम में सुरक्षा बलों की गश्ती जारी है। पुलिस-प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है । मधुबनी बंद को लेकर जिले के सभी थाना को अलर्ट कर दिया गया है ।
Input: Dainik Jagran








