कांग्रेस नेता और सिने स्टार शत्रुघ्न सिन्हा ने बिहार में महागठबंधन की जीत का दावा किया है. मंगलवार को पटना में वोटिंग करने पहुंचे शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि बिहार में लोग बदलाव की तरफ देख रहे हैं. हमारे तेजस्वी यादव के प्रति लव सिन्हा जैसे युवाओ के प्रति आज बिहार की जनता देख रही है. शॉटगन के नाम से मशहूर इस अभिनेता ने भोजपुरी में कहा कि बिहार में बहुत जान बा. उन्होंने कहा कि 10 तारीख को यह पता चल जाएगा कि बिहार का परिणाम क्या हो रहा है.

शत्रुघ्न सिन्हा की फाइल फोटो

पटना में जारी वोटिंग के बीच उन्होंने कहा कि बहुत जगह लोगों का मानना है कि ईवीएम में गड़बड़ी है इस पर भी नजर रखी जानी चाहिए. तेजस्वी यादव की प्रशंसा करते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि बिहार में बेरोजगारी बहुत पूर्ण महत्वपूर्ण मुद्दा है. इस मुद्दे को तेजस्वी ने उछाला तो सब बौखला गए हैं. तेजस्वी यादव ने बहुत अच्छे से बता दिया है कि बिहार के हर विभाग में कमी है. बिहार में विकास मुद्दा है, बेरोजगारी मुद्दा है.

उन्होंने कहा कि बिहार में विकास को लेकर दावे किए गए हैं जबकि हकीकत यह है कि किसी भी तरह के वादे को पूरा नहीं किया गया है. लगे हाथों शत्रुघ्न सिन्हा ने रेलवे के निजीकरण पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अब तो भारत में रेलवे भी बिक गया है. चिराग पासवान के प्रति अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सिन्हा ने कहा कि मेरी शुभकामनाएं उनके साथ है.

मालूम हो कि शत्रुघ्न सिन्हा के पुत्र लव सिन्हा इस बार बिहार के चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. उनके लिए वोट की अपील उनकी बहन सोनाक्षी सिन्हा भी कर चुकी हैं. शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा को कांग्रेस ने महागठबंधन के कोटे से पटना की बांकीपुर सीट से टिकट दिया है. मंगलवार को बिहार में दूसरे चरण की वोटिंग के बाद अंतिम चरण का मतदान 7 नवंबर को होगा और नतीजे 10 नवंबर को आएंगे जिसके बाद पटना समेत बिहार की स्थिति और तस्वीर साफ हो सकेगी.

Source : News18

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD