बिहार के सारण जिले में दो पुलिस अधिकारियों को महिला डांसर के साथ डांस करते हुए वीडियो के वायरल होने के मामले में उन्हें निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने गुरुवार को यहां बताया है कि जिले के कोपा थाना क्षेत्र में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक सुनील ठाकुर तथा वर्तमान में दिघवारा थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक बेचन प्रसाद सिंह का एक वीडियो बुधवार को वायरल हुआ था।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इसमें उक्त दोनों पुलिस पदाधिकारी कोपा थाना क्षेत्र में पदस्थापना के समय नर्तकी के साथ डांस करते हुए दिख रहे हैं। कुछ दिन पूर्व ही बेचन प्रसाद सिंह का तबादला कोपा थाना क्षेत्र से दिघवारा थाना क्षेत्र में किया गया है। उक्त वीडियो को शूट करने के बाद इसे कल बुधवार को वायरल करने के साथ ही उनके वाटएप्स पर भी किसी ने डाल दिया था।

उन्होंने बताया कि दोनों सहायक पुलिस अवर निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है। इस पूरे मामले की जांच करने का आदेश सारण के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुनेश्वर प्रसाद सिंह को दिया गया है।

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD