पटना: पूर्व केंद्रीय मंत्री और एलजेपी के संस्थापक रामविलास पासवान (Ramvilas Paswan) की मृत्यु पर राजनीति शुरू हो गई है और बिहार चुनाव के बीच राज्य में सियासी बवाल मच गया है. बिहार के पूर्व सीएम जीतनराम मांझी की पार्टी हम ने पूर्व केंद्रीय मंत्री की मृत्यु की जांच की मांग की है.
हम के राष्ट्रीय प्रवक्ता दानिश रिजवान ने पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है और न्यायिक जांच की मांग की है. उन्होंने पत्र में लिखा है कि चिराग पासवान अपने पिता की मृत्यु के दूसरे ही दिन ना सिर्फ हंसते-मुस्कुराते बल्कि शूटिंग करते भी नजर आए. इससे रामविलास पासवान के प्रशंसकों और परिजनों के बीच कई सवाल उठ रहे हैं.

साथ ही उन्होंने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री के निधन से जुड़े कई सवाल हैं जो अपने आप में चिराग को कठघरे में खड़ा करते हैं. रामविलास पासवान के अस्पताल में भर्ती होने के दौरान कभी उनका मेडिकल बुलेटिन क्यों नहीं जारी किया गया.
पत्र में ये भी सवाल उठाया गया है कि आखिर किसके कहने पर रामविलास पासवान से अस्पताल में सिर्फ दो लोगों को मिलने की इजाजत दी गई थी. इसके अलावा भी कई ऐसे सवाल हैं जिनका जवाब रामविलास पासवान के प्रशंसक, परिजन और समर्थक जानना चाहते हैं. इसलिए उनकी मृत्यु की न्यायिक जांच होनी चाहिए ताकि सच लोगों के सामने आए.
आपको बता दें कि रामविलास पासवान की पहली पत्नी की बेटी और दामाद भी उनकी मृत्यु की जांच की मांग कर चुके हैं. उनका कहना है कि न्यायिक जांच से ही छुपी सच्चाई सामने आएगी. हम पार्टी ने कहा कि सच की आवाज़ बुलंद करने वालों पर केस की धमकी दी जा रही है. कई मीडिया हाउस और प्रवक्ताओं को चिराग पासवान केस की धमकी दे रहे हैं.
Source : Zee News





