एक ही परिवार की दो लड़कियों (Two Girl) के तीन दिन पहले गायब होने के बाद उनका शव (Dead Body) मिला है. दोनों का शव उनके घर के पीछे पानी से भरे गड्ढे में मिला है. शव मिलने पर परिजनों ने हत्या (Murder) का आरोप लगाया है. घटना मुजफ्फरपुर (Muzaffarpur) के अहियापुर थाना क्षेत्र के उदन झपहा गांव की है. यहां एक ही परिवार की दो लड़कियों के शव घर के पीछे पानी से भरे गड्ढे में मिले हैं. दोनों लड़कियां बुआ और भतीजी हैं. दोनों की पहचान श्वेता (18) और डौली (14) के रूप में हुई है. दोनों तीन दिन से घर से लापता थीं.

गांव में इस हालत में शवों के मिलने पर ग्रामीणों घटना की सूचना अहियापुर थाना की पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जहां मेडिकल बोर्ड के समक्ष दोनों के शवों का पोस्टमॉर्टम होगा. एसपी सिटी राजेश कुमार ने मीडिया को बताया कि श्वेता कुमारी और डौली 28 सितंबर की सुबह से गायब थीं. इस पर परिजनों ने अहियापुर थाने में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर कराई थी. पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में लग रहा है कि मौत पानी में डूबने से हुई होगी. अगर डूबने से मौत तो लड़कियां यहां पर कैसे पहुंचीं और कैसे डूबी इसकी भी जांच होगी. इसके साथ ही कई पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जाएगी.

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

मृतक के परिजन दशरथ भगत ने एक व्यक्ति पर दोनों लड़कियों की हत्या कर पानी में फेंकने का आरोप लगाया है. कुछ दिन पहले ही उनका उस व्यक्ति से विवाद हुआ था. इस पर उसने जान से मारने की धमकी दी थी. दशरथ भगत ने बताया कि 28 सितंबर से दोनों लड़कियां घर से गायब थीं. हम लोग अपने स्तर से खोजबीन कर रहे थे. एफआईआर भी कराई थी. इस बीच शुक्रवार शाम को गांव के बच्चों ने हमारे घर के पीछे वाले गड्ढे में कुछ होने की जानकारी दी. जब ग्रामीणों ने जाकर देखा तो पाया कि दोनों श्वेता और डौली का शव वहां पड़ा है. इसके बाद मामले की पुलिस को जानकारी दी गई.

Source : News18 (Sudhir Kumar)

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD