स्थानीय जंक्शन पर बिना मास्क लगाए पहुंचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उन्हें दंडित करने के साथ ही जुर्माने की भी वसूली हो रही है। कोरोना संक्रमण को रोकने की दिशा में रेलवे की ओर से यह कदम उठाया गया है। रविवार को 10 यात्रियों और अन्य लोगों से 3660 रुपये जुर्माना वसूला गया। साथ ही उन्हें चेतावनी भी दी गई। जुर्माना होता देख अन्य कई यात्री रूमाल और गमछा से मुंह ढकने लगे। आरपीएफ इंस्पेक्टर वेदप्रकाश वर्मा ने बताया कि विभाग की ओर से ट्रेनों से लेकर प्लेटफॉर्म तक निरंतर अभियान चलाया जाएगा। यात्रियों को भी चाहिए कि खुद और अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए मास्क जरूर पहनें।

दूसरे प्रदेश से आने वाले यात्रियों की नहीं हो रही जांच, दहशत में लोग

दूसरे प्रदेश से आने वाली ट्रेनों से उतरने वाले यात्रियों की कोरोना टेस्ट नहीं की जा रही है। इस कारण जंक्शन पर कार्यरत कर्मियों के साथ ही शहर से गांव तक के लोग सशंकित हैं। दरअसल नई दिल्ली, यूपी, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और अहमदाबाद समेत कोरोना की चपेट में आ चुके कई प्रदेशों से यात्रियों का पलायन हो रहा है। ये लोग अपने घर आ रहे हैं, लेकिन इनकी जांच नहीं की जा रही है। बिना जांच कराए ही ये जंक्शन से बाहर निकल गाड़ी से घर जा रहे हैं। ऐसे में यदि इनमें कोरोना का संक्रमण होता है तो गाड़ी वाले के साथ ही उनके घरों के लोग भी संक्रमण की चपेट में आ जाएंगे। रविवार को भी जंक्शन पर पहुंची दर्जनों ट्रेनों से उतरे यात्रियों की जांच नहीं की गई।

अहमदाबाद बरौनी, अहमदाबाद-दरभंगा व देहरादून से मुजफ्फरपुर, महाराष्ट्र और अन्य शहरों से भी ट्रेन पहुंची, लेकिन बिना जांच कराए ही यात्री बाहर निकल गए। जंक्शन पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद थी पर ट्रेन का प्लेटफॉर्म बदल गया और काफी यात्री कटहीपुल और एस्केलेटर से होकर बाहर निकल गए।

Input: Dainik Jagran

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD