पटना: रूपेश सिंह हत्याकांड (Rupesh Singh Murder Case) में अब एक बड़ी खबर सामने आ रही है. 12 जनवरी को इंडिगो एयरलाइंस मैनेजर रूपेश कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, लेकिन रूपेश को अभी तक इंसाफ नहीं मिल पाया. अब इस मामले में नया मोड़ आया है.

रूपेश की पत्नी ने लिखा सीएम को पत्र

अब रूपेश की पत्नी ने सीएम नीतीश कुमार को पत्र लिखकर इंसाफ की मांग की है. रूपेश की पत्नी का कहना है कि हत्या के डेढ़ महीने बाद भी रूपेश को इंसाफ नहीं मिला है. अब उनके परिवार वालों ने CBI जांच की मांग की है. न्याय न मिलने के कारण रूपेश के परिजनों ने पटना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं.

परिजनों ने लगाई इंसाफ की गुहार

इस मामले में 3 फरवरी को पटना पुलिस ने एक अपराधी को गिरफ्तार किया था. बता दें कि 7 फरवरी को रूपेश की पत्नी और परिजनों ने मुख्यमंत्री से अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए गुहार लगाई थी. गौरतलब है कि 12 जनवरी को शरेआम रूपेश को अपराधियों ने मौत के घाट उतार दिया था.

जानें क्या था मामला

जानकारी के अनुसार, नंवबर में छठ के आसपास राजवंशी नगर से पहले रूपेश की कार की टक्कर बाइक से हुई थी. उसके बाद दोनों के बीच बहस हुई और मामला मारपीट की नौबत तक आ गया. तभी से आरोपी ने रूपेश की कार का पीछा करना शुरू कर दिया था. बता दें कि रूपेश की हत्‍या 12 जनवरी की शाम उनके अपार्टमेंट के बाहर हुई थी. इस हत्याकांड के बाद बिहार की सियासत में उबाल आ गया था.

Source : Zee News

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD