इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का लोकप्रिय चेहरा रहे रोहित सरदाना का शुक्रवार सुबह अचानक निधन हो गया। कोरोना संक्रमण का शिकार हुए रोहित सरदाना को हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उन्हें बचाया नहीं जा सका। वह नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह कोरोना से उबर गए थे, लेकिन सीने में दर्द के चलते एक बार फिर से अस्पताल में भर्ती हुए थे और उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। कई सालों से टीवी मीडिया का जाना-पहचाना चेहरा रहे रोहित सरदाना की अचानक हुई मौत से हर कोई हैरान है। ट्विटर पर उनके हजारों प्रशंसक श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

भले ही कोरोना और दिल का दौरा पड़ने से वह दुनिया छोड़कर चले गए, लेकिन एक दिन पहले तक वह लोगों की मदद के लिए सक्रिय थे। कोरोना का शिकार हुए लोगों के इलाज के लिए रेमडेसिविर इंजेक्शन, ऑक्सीजन, बेड आदि तक की व्यवस्था के लिए वह लगातार सोशल मीडिया पर एक्टिव थे और लोगों से सहयोग की अपील कर रहे थे। यहां तक कि अपनी मौत से ठीक एक दिन पहले 29 अप्रैल को भी उन्होंने ट्वीट कर एक महिला के लिए रेमडेसिविर इंजेक्शनों की व्यवस्था करने की अपील की थी। इससे पहले 28 अप्रैल को उन्होंने लोगों से प्लाज्मा डोनेट करने की भी अपील की थी।

रोहित सरदाना ने एक ट्वीट करते हुए लिखा था, ‘जितनी तादाद में कोरोना से मरीज़ ठीक हो रहे हैं उसके एक चौथाई लोग भी अगर प्लाज़्मा डोनेट करने के लिए आगे आने लगें, तो बहुत से लोगों की जान बच सकती है. आप ठीक हो गए हैं, तो किसी और की ज़िंदगी की वजह बनिए. प्लाज़्मा डोनेट कीजिए!’ हालांकि अब खुद रोहित सरदाना की ही अचानक मौत की खबर सुनकर हर कोई हैरान है। लंबे समय तक जी न्यूज चैनल में काम करने के बाद बीते कुछ सालों से वह आज तक चैनल का हिस्सा थे। उनका न्यूज शो दंगल काफी लोकप्रिय था, जिसकी वह एंकरिंग करते थे।

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD