अप्रैल का महीना ख़त्म हो चुका है और गर्मी ने अपना असर अभी तक दिखाना शुरू नहीं किया है. मौसम विभाग लगातार बारिश को लेकर अलर्ट करती आ रही है. ऐसे ही एक बार फिर मौसम विभाग ने इन इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई है.

मौसम विभाग के मुताबिक, साइक्लोन सर्किल का क्षेत्र दक्षिण-पश्चिमी बिहार के ऊपरी हिस्से में बना हुआ है. इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाओं की वजह से निम्न हवा का दबाव बिहार के उत्तरी हिस्सों में बना है, जिससे उत्तर-पश्चिम और दक्षिण मध्य हिस्से के पटना, गया, नालंदा, बेगूसराय, नवादा को छोड़कर प्रदेश के सभी हिस्सों में हल्की बारिश के आसार है. यानि पांच जिलों को छोड दें तो 33 जिलों में हल्की बारिश की संभावना है.

इसके पहले भी मौसम विभाग ने बारिश और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया था. वहीं बिहार के कई हिस्सों में 30 अप्रैल से 2 मई के बीच तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान हवा की स्पीड 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है. बता दें, पिछले दिनों यूपी-बिहार में हुई तेज बारिश के कारण जान-माल की काफी क्षति हुई है.

दरअसल बिहार से लेकर असम तक पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव देखा जा रहा है. इस कारण बिहार के अधिकांश जिलों में मौसम ने करवट ली है. प्रदेश में काल बैशाखी खासकर किसानों के लिए तबाही बनी हुई है.

Input : Live Cities

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD