एनएच-722 रेवा रोड में जैतपुर ओपी क्षेत्र के टोल प्लाजा के निकट बाइक सवार लुटेरों का गिरोह एक माह से काफी सक्रिय है। टोल प्लाजा के आसपास गिरोह के अपराधी घात लगाए रहते हैं। एक माह में अब तक चार लोगों के साथ लूट की वारदात कर चुके हैं। शनिवार को बनिया गांव निवासी सुधा के रिटेलर रवि कुमार अपनी पत्नी के साथ ससुराल जा रहे थे।

टोल प्लाजा से आगे डाक पोखर के निकट पहुंचते ही दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने ओवरटेक कर रोक लिया और हथियार के बल पर 10 हजार रुपए व सोने की चेन लूट कर सरैया की तरफ फरार हो गए। इसको लेकर महिला ने जैतपुर ओपी में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है। इससे पहले 19 नवंबर को पारू थाना क्षेत्र के अलावलपुर निवासी शिक्षक संतोष कुमार से टोल प्लाजा के पास अपराधियों ने नकदी, चेन व मोबाइल लूट लिए थे।

वहीं, 13 नवंबर को पारू निवासी नीतेश कुमार से पिस्टल के बल पर नकदी, मोबाइल व सोने की चेन लूट लिए थे। तीसरी वारदात में संबंधी के घर जा रहे सारण निवासी एयर फोर्स कर्मी से टोल प्लाजा के निकट हथियार के बल पर नकदी, सोने की चेन व मोबाइल की लूट हुई थी। चारों वारदात में एक ही नंबर की ग्लैमर बाइक को देखे जाने की बात पीड़ितों द्वारा बताई गई है। लगातार इस तरह की घटना से लोगों में पुलिस के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।

Input: Dainik Bhaskar

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD