शहर में लॉकडाउन का पूरा असर गुरुवार को दूसरे दिन भी देखने को नहीं मिली। प्रतिबंध के बाद भी हर तरह की दुकानें खुली रहीं और बाजारों में सोशल डिस्टेंसिंग पूरी तरह हवा हो गई। दुकानदार और आम लोग नियमों की धज्जियां उड़ाते रहे। इस बीच लॉकडाउन का पालन कराने उतरी टीम ने छापेमारी के दौरान शहर की आठ दुकानों को सील कर दिया।

आरा सीओ ने अगले आदेश तक सभी दुकानों को सील करते हुए आगे की कार्रवाई के लिए एसडीओ को पत्र भेजा है। बताया जा रहा है कि लॉकडाउन में प्रतिबंधित दुकानों को भी खोला गया था। इतना ही नहीं कई दुकानें तो निर्धारित समय 11 बजे के बाद भी 12 और एक बजे तक खुली मिलीं।

इसे गंभीरता से लेते हुए दुकानों को सील कर दिया गया। गोढ़ना रोड, चंदवा, जेल रोड, गिरिजा मोड़, धर्मन चौक, बिचली गली में दुकानों को सील करने की कार्रवाई की गई है। वहीं शटर डाउन कर सामान बेचने वाले कई दुकानदारों को प्रशासनिक अधिकारियों ने चेतावनी देकर छोड़ दिया।

कहीं पुलिस ने चटकाई लाठी तो कहीं कराई उठक-बैठक

शहर में लॉकडाउन के निर्धारित समय 11 बजे के बाद भी शहर में बेवजह घूमने वालों के साथ गुरुवार को पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार किया। लगभग हर प्रमुख चौक-चौराहों व मुख्य बाजार में पुलिस के जवान तैनात थे और आने-जाने वालों की पड़ताल कर रहे थे। बेवजह सड़क पर निकलने वले लोगों को पुलिस के डंडे का भी शिकार होना पड़ा। वहीं बाइक से फर्राटा भर रहे कई युवाओं को उठक-बैठक भी करनी पड़ी।

प्रखंडों में भी कोरोना कहर व लॉकडाउन पर भीड़ भारी
शहर ही नहीं अनुमंडल व प्रखंडों में भी कोरोना कहर व लॉकडाउन पर लोगों की भीड़ भारी पड़ रही है। शहर से लेकर प्रखंड के बाजारों में जिस कदर भीड़ देखने को मिल रही है, उससे लॉक डाउन निरर्थक साबित हो रहा है। शहर के मुख्य बाजारों में भीड़, पीरो की सब्जी मंडी व बाजार में भीड़, गड़हनी के बाजार में लोगों की संख्या और बिहिया बाजार में भीड़ की तस्वीर सब कुछ बयां करने के लिए काफी हैं।

आरा में इन दुकानों को किया गया सील

उजाला इलेक्ट्रिकल्स, गोढ़ना रोड

मां गायत्री ड्रेसेज, गोढ़ना रोड

राजलक्ष्मी ज्वेलर्स एंड वस्त्रालय, चंदवा

आरा सिमेंट ट्रेर्ड्स, गिरिजा मोड़

शकुंतला इलेक्ट्रानिक्स, जेल रोड

हुसैन शू स्टोर, बिचली गली

लखनऊ फैशन कुर्ता शेरवानी, धर्मन चौक

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD