पटना : कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लॉकडाउन किया गया है जो तीन मई तक जारी है। लॉकडाउन की वजह से अब रिश्तों में टूट का मामला भी सामने आया है, जो पटना के पालीगंज का है जिसमें एक महिला अपने मायके गई थी, इसी दौरान लॉकडाउन हो गया और वो वापस ससुराल नहीं लौट सकी। पति के बुलाने पर भी जब वो नहीं आ सकी तो पति ने अपनी प्रेमिका से शादी रचा ली। अब पत्नी ने पति के खिलाफ केस दर्ज करवाया है।

CoronaVirus Lockdown Bihar: लॉकडाउन में पत्नी फंस गई मायके में, पति ने प्रेमिका से रचा ली शादी

घटना पटना जिले के पालीगंज के दुल्हिन बाजार थानाक्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, भरतपुरा निवासी धीरज कुमार की शादी कुछ साल पहले करपी थाना क्षेत्र के पुराण में गांव में हुई थी। धीरज की पत्नी किसी काम की वजह से कुछ दिन पहले अपने मायके गई थी। इसी दौरान लॉकडाउन घोषित कर दिया गया, जिसकी वजह से वो वापस अपने पति के पास भरतपुरा नहीं आ सकीं।

लॉकडाउन के कारण पति के बुलावे पर भी धीरज की पत्नी मायके से वापस नहीं आ सकी। इसी बात से नाराज धीरज कुमार ने दूसरी शादी का फैसला लिया। उसने खिरीमोर थानाक्षेत्र के रघुनाथपुर में अपनी प्रेमिका से दूसरी शादी कर ली। इस बात की जानकारी जैसे ही धीरज की पहली पत्नी गुड़िया देवी को हुई वह अपने स्वजनों के साथ धीरज के घर पहुंच गई और जमकर हंगामा मचाया। उसके बाद दोनों के परिजनों के बीच भी मारपीट होने लगी। तभी धीरज अपनी दूसरी पत्नी को साथ लिए घर पहुंचा।

घर में हो रही कलह की जानकारी किसी ने पुलिस को दे दी, धीरज के पहुंचते ही पीछे से पुलिस भी पहुंची और दोनों को थाने लाकर पूछताछ की। धीरज का एक 10 साल का बेटा भी है। गुड़िया देवी ने अपने पति और ससुर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और साजिश कर धीरज की दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है। पुलिस इसकी जांच करेगी।

Input : Dainik Jagran

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD