आरा: बिहार में लॉकडाउन लागू है. सरकार की ओर से प्रशासन को नियमों का उल्लंघन करने वालों से सख्ती से निपटने का आदेश जारी किया गया है. लेकिन बिहार के आरा से जो तस्वीर सामने आई है, उसे बिहार पुलिस की सख्ती के बजाय अगर ‘दादागिरी’ कहें तो गलत नहीं होगा. पूरा मामला जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है. बीते दिनों गढ़हनी थानाध्यक्ष संतोष कुमार रजक लॉकडाउन का पालन कराने निकले थे. लेकिन इस दौरान उन्होंने जो किया वो चौंकाने वाला है.

महिलाओं को थप्पड़ मारने की दी धमकी
उन्होंने सरेआम महिलाओं के साथ गाली-गलौज की. उन्हें थप्पड़ मारने की धमकी दी. जब इससे भी जी नहीं भरा तो घटना की वीडियो बना रही युवती के हाथ से खुलेआम उसका मोबाइल छीनकर सड़क पर फेंक दिया. इस पर जब परिवार वालों ने आपत्ति जताई तो उन्हें एफआईआर करके जेल भेजने की धमकी भी दी.
सख्ती, कड़ाई, कानूनी कार्रवाई कीजिए पर बदसलूकी नहीं. यह वीडयो है आरा ज़िले के अगिआंव(गड़हनी)थाना का. लॉक डाउन का पालन करने के दरम्यान महिलाओं से अमर्यादित तरीके से पेश आ रहे. रिपोर्ट विशाल pic.twitter.com/MwPJUSeNed
— Prakash Kumar (@kumarprakash4u) May 14, 2021
इस संदर्भ में भोजपुर के पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार दूबे से बातचीत करने की कोशिश की गई लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई, जिस कारण उनका पक्ष नहीं लिया जा सका है. लेकिन मामला चाहे जो भी हो गड़हनी थानाध्यक्ष ने जो कुछ भी किया है, उससे राज्य का सुशासन और पुलिस की गरिमा जरूर कलंकित हुई है. अब देखना यह है कि इस थप्पड़ चलाने वाले थानेदार पर क्या कारवाई होती है.
Source : ABP News







