पटना/बक्सर. इस वक्त की बड़ी खबर बिहार की राजधानी पटना (Patna) से आ रही है जहां गाड़ी से शराब बरामदगी के मामले में कांग्रेस के विधायक मुन्ना तिवारी (Congress MLA Munna Tiwari) समेत सात लोगों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज किया गया है. ये एफआईआर बक्सर के सिमरी थाने में दर्ज हुआ है. दरअसल बुधवार की शाम बक्सर (Buxar) के सिमरी इलाके से बक्सर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक मुन्ना तिवारी उर्फ संजय तिवारी की गाड़ी से शराब की बोतलें बरामद हुई थी.

सात के खिलाफ हुआ है केस
इस मामले में बक्सर पुलिस ने विधायक समेत सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है. मामले की जानकारी देते हुए बिहार पुलिस के एडीजी मुख्यालय जितेंद्र कुमार ने कहा कि इस मामले में मुन्ना तिवारी समेत सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. एडीजी ने बताया कि इस मामले में चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है साथ ही अन्य की गिरफ्तारी की कार्रवाई जारी है. एडीजी कहा कि इस मामले में किसी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपियों की जल्द ही गिरफ्तारी होगी.
विधायक की गाड़ी से मिली थी शराब
पूरा मामला बक्सर जिले के सिमरी से जुड़ा है. पुलिस ने जब बक्सर विधायक की गाड़ी की जांच की तो उसमें शराब की 5 बोतलें मिलीं. इस मामले में पुलिस ने गाड़ी में बैठे चार लोगों को हिरासत में लिया था. खास बात यह है कि जिस गाड़ी से शराब की बोतलें मिली है उस पर विधानसभा का पास भी सटा हुआ है. पुलिस विभाग के सूत्रों के मुताबिक गाड़ी को कोरोना वायरस त्रासदी के दौरान राहत सामग्री बांटने के नाम पर घुमाया जा रहा था.
चार लोगों की हो चुकी है गिरफ्तारी
इस मामले में गिरफ्तार हुए चार लोगों की पहचान चुरामनपुर निवासी चालक सुशील कुमार प्रसाद, बड़कागांव मानसिंह पट्टी निवासी अनिल मिश्रा तथा दलसागर निवासी विक्की तिवारी और नितेश तिवारी के रूप में की गई. जबकि विक्की पहले भी शराब तस्करी के मामले में आरोपित हो चुका है.
इनपुट- अमित कुमार






