गोपालगंज. गोपालगंज में मांझागढ़ थाना क्षेत्र के सुरवनिया गांव में मामी-भांजे की ऐसी करतूत सामने आई है जो लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है. मामी और भांजे की इस कहानी ने समाज को भी असहज कर दिया है. दरअसल यहां शादी के चार दिन बाद ही मामी अपने भांजे के साथ फरार हो गई है. इस मामले में मामा ने अपने भांजे सहित चार लोगों पर मांझागढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है.

जानकारी के मुताबिक मांझागढ़ थाना क्षेत्र के सुरवनिया गांव के राकेश शर्मा की शादी थावे थाना क्षेत्र के हरपुर गांव के उपेंद्र शर्मा की बेटी पिंकी के साथ बीते 22 फरवरी को हुई थी. शादी के बाद राकेश शर्मा का भांजा जो बरौली थाने के विवेकानंद शर्मा उसके घर अपने अन्य दोस्तों के साथ आने जाने लगा.

मामा रोज की तरह प्रतिदिन अपने हार्डवेयर की दुकान चलाने चले जाते थे. इसी बीच भांजे और मामी में प्यार हो गया और शादी के चार दिन बाद ही मामी को लेकर वह फरार हो गया. जब पीड़ित पति ने अपने भांजे के परिजनों से इसकी शिकायत की तो इसको लेकर दोनों परिवारों में गाली-गलौज भी हुई. अब इस मामले को लेकर पीड़ित मामा ने अपने ही भांजे सहित चार लोगों पर अपनी पत्नी के अपहरण की प्राथमिकी मांझागढ़ थाने में दर्ज कराई है. थानाध्यक्ष विशाल आनन्द ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. अपहृत महिला की तलाश जारी है. आरोपित घर से फरार है. गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

Source : News18

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD