चन्दौली. उत्तर प्रदेश के चंदौली (Chandauli) जिले में महुंजी गांव में एक शादी चर्चा का विषय बनी हुई है. शादी के पहले ऐसा ड्रामा हुआ कि बड़े भाई की मंगेतर से छोटे भाई को शादी करनी पड़ी. जिस दरवाजे पर बड़े भाई की बरात जानी थी, उस दरवाजे पर छोटे भाई की बारात पहुंची. दरअसल महुंजी गांव निवासी बड़े भाई कन्हैया का रिश्ता धानापुर थाना क्षेत्र के पपरौल गांव की एक लड़की के साथ तय हुआ था. दोनों की शादी की तारीख मंगलवार को तय थी लेकिन बारात जाने से एक दिन पहले सोमवार को दूल्हे की प्रेमिका सामने आ गई. प्रेमिका ने खुद को युवक की पत्नी बताकर हंगामा खड़ा कर दिया. इसके बाद कहानी में नया मोड़ आया. दोनों पक्ष की सहमति पर युवक के छोटे भाई की बारात मंगलवार की शाम बड़े धूमधाम के साथ निकली.

कन्हैया की बारात मंगलवार को जानी थी, पर इसके एक दिन पहले एक युवती और उसके परिजन रामपुर चौकी पहुंचे. युवती ने खुद को युवक की पत्नी बताते हुए शादी पर रोक लगाने की मांग की. सबूत के तौर पर बिहार स्थित मां मुंडेश्वरी देवी के मंदिर में की गई शादी के फोटो भी दिखाए. इसके बाद पुलिस ने युवक व उसके परिजनों को चौकी पर बुलाया. जांच में युवती की बात सही निकलने पर लड़के वालों ने लिखा-पढ़ी के बाद युवती को अपनी बहू स्वीकार कर लिया.

लेकिन दूसरी तरफ शादी का कार्यक्रम पहले से ही तय था. इसके बाद वर और वधू पक्ष में बातचीत हुई और आखिरकार रास्ता निकाला गया कि शादी नहीं टलेगी, लड़के का छोटा भाई दूल्हा बनेगा. अंत में परिजनों को मंगलवार को छोटे भाई जयनाथ को दूल्हा बनाकर बरात लेकर पपरौल जाना पड़ा. छोटे भाई की बारात में बड़ा भाई बाराती बनकर पहुंचा. यह शादी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है.








