जम्मू-कश्मीर (Jammu-Kashmir) के श्रीनगर (Srinagr) में डल झील के पास एक होटल पर आतंकी हमला (Terrorist Attack) हुआ है. बुधवार शाम करीब 7 बजे आतंकियों ने होटल कर्मचारी पर फायरिंग कर दी. हमले में घायल होटल कर्मचारी को सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए इसे आतंकी हमला बताया है. बता दें कि ये घटना उस जगह से थोड़ी ही दूरी पर हुई है जहां 23 देशों के राजनयिक ठहरे हुए हैं.

घटना की जिम्मेदारी आतंकी संगठन मुस्लिम जाबांज फोर्स ने ली है. जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला (Omar Abdullah) ने ट्वीट कर कहा, ‘श्रीनगर में कृष्णा ढाबा पर हुए हमले के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ, ये हमले अस्वीकार्य हैं. मैं हमले में घायल होटल कर्मचारी के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं.

बता दें कि कई यूरोपीय देशों और ओआईसी के कुछ देशों के राजनयिक दो दिवसीय जम्मू-कश्मीर दौरा पर हैं. ये दल केंद्रशासित प्रदेश में खासकर हाल में हुए जिला विकास परिषद (डीडीसी) चुनाव के बाद की स्थिति का जायजा लेने पहुंचा है. उल्लेखनीय है कि 2019 में जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म कर इसे दो केंद्रशासित प्रदेशों में विभाजित कर दिया गया था.

अधिकारियों ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल को कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच मध्य कश्मीर के मागम ले जाया गया जिसमें इस्लामिक सहयोग संगठन (ओआईसी) के चार देशों-मलेशिया, बांग्लादेश, सेनेगल और ताजिकिस्तान के राजनयिक भी शामिल हैं.

Input: Zee News

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD