मुजफ्फरपुर : सावन की तीसरी सोमवारी पर सुबह में बाबा गरीबनाथ का अर्धनारीश्वर स्वरूप में महाश्रृंगार किया गया। इसके बाद महाआरती और अभिषेक किया गया। प्रधान पुजारी पं.विनय पाठक के नेतृत्व में संध्या में बाबा गरीबनाथ का सवा क्विंटल मौसमी फलों, ढाई क्विंटल चावल और ढाई क्विंटल सब्जी से महाश्रृंगार किया गया। पं.अभिषेक पाठक व पं.बैजनाथ पाठक ने बताया कि कोरोना संक्रमण से मुक्ति के लिए बाबा गरीबनाथ की पूजा की गई। बताया कि दिन में मंदिर के दोनों ओर बैरिकेडिंग के बाद भी सैकड़ों की संख्या में भक्त पहुंच गए थे। उन्हें रोकने के लिए देर रात्रि से ही विभिन्न सेवा दलों के कार्यकर्ताओं को लगाया गया था। पुलिस के जवान भी तैनात थे। सख्ती के कारण भक्तों को मंदिर तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया गया। श्रद्धालुओं ने बैरिकेडिंग के पास ही बाबा गरीबनाथ को प्रणाम कर जलाभिषेक किया।






